10 हजार प्रति भेड़ के हिसाब से मिला मुआवजा:लखनऊ में फेंका खाना खाने से हुई थी भेड़ों की मौत, CM ने दिए जांच के निर्देश

लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास भेड़ों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। भेड़ मालिकों को 10 हजार रुपए प्रति मृत भेड़ के हिसाब से मुआवजा दिया है। मामले की जांच के भी निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, सोमवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास IIM रोड स्थित घैला में बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत और बीमार होने का मामला सामने आया था। भेड़ों के मालिक प्रदीप कुमार और विजय पाल ने घैला चौकी पर इसकी शिकायत दी थी। द हेल्पिंग हैंड NGO की अध्यक्ष चारु ने कहा था- राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के दिन 25 दिसंबर को बांटे गए लंच बॉक्स का बचा हुआ खाना भेड़ों ने खा लिया। बासी खाना खाने से भेड़ों को फूड पॉइजनिंग हो गई। एसडीएम और 30 डॉक्टरों की टीम पहुंची थी मौके पर एसडीएम सदर मनोज सिंह समेत पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी और 30 डॉक्टरों की टीम पहुंची थी। इलाज के दौरान लगभग 70 भेड़ों को रिकवर किया गया। एसडीम सदर मनोज सिन्हा ने बताया था कि 70 भेड़ों की मौके पर मौत हुई है। वहीं, भेड़ पालने वाले प्रदीप कुमार का दावा था कि 170 भेड़ों की मौत हुई है। नमूना जांच के लिए लैब भेजा गया है पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सचान ने बताया कि उनको चौकी के द्वारा सूचना मिली कि कुछ भेड़ बीमार हैं और कुछ की मृत्यु हो गई है। इसके बाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जो भेड़ मर चुकी थी उनका पोस्टमॉर्टम किया गया। सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाली घास मिली है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा गया है। उसी से मौत की वजह स्पष्ट होगी। 8.70 लाख रुपए मुआवजा मिला चरवाहा विजयपाल ने बताया कि वह फतेहपुर के रहने वाले हैं। सोमवार को कुछ खाने के बाद हमारी भेड़ें मारना शुरू हो गई थीं। हमने पुलिस को सूचना दी थी। उसके बाद डॉक्टरों की टीम आई। जांच करके इलाज किया। जो भेड़ मर गईं उसके बदले सरकार ने 8 लाख 70 हजार रुपए मुआवजा दिया है। डॉक्टरों के सहयोग से इलाज हुआ और मुआवजा भी मिला चरवाहा शिव रतन ने कहा कि हम लोग भेड़ चरा रहे थे। भेड़ों ने कोई पदार्थ खा लिया, जिससे सब बीमार होने लगीं। उसके बाद उनकी मौत होने लगी। सूचना देने के बाद डॉक्टर के सहयोग से भेड़ का इलाज हुआ। जो भेड़ें मर गई थीं, योगी सरकार से उनका मुआवजा मिला। —————- संबंधित खबर भी पढ़िए… लखनऊ में 170 भेड़ों की मौत, 200 की हालत बिगड़ी:राष्ट्र प्रेरणा स्थल में फेंका हुआ खाना खाया, चरवाहा फूट-फूटकर रोया लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 170 भेड़ों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। 200 से ज्यादा भेड़ों की हालत नाजुक है। वे उठ नहीं पा रही हैं। दरअसल, राष्ट्र प्रेरणा स्थल का 25 दिसंबर को उद्घाटन हुआ था। समारोह में आए लोगों को लंच पैकेट बांटा गया था। बचा हुआ खाना वहीं फेंक दिया गया था। पूरी खबर पढ़ें