मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र के सायबर ठगों के गांव देवसेरस के युवक को सोशल मीडिया पर रील बनाना भारी पड़ गया। पुलिस चौकी के बाहर रील बनाकर इंस्पेक्टर और दरोगा को खरीदने की बात कहने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। रॉबिन को किया गिरफ्तार सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक और शोहरत के चक्कर में कानून की मर्यादा भूलना गोवर्धन क्षेत्र के साइबर ठगों के गांव देवसरेस के रहने वाले रॉबिन पुत्र रईस को भारी पड़ गया। जिस खाकी के दम पर इलाके में अमन-चैन कायम रहता है, उसी खाकी और पूरे थाने की नीलामी का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल करने वाले रॉबिन को गोवर्धन पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। सोशल मीडिया पर हुआ था वीडियो वायरल पिछले दिनों इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जिसने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी थी। इस वीडियो में आरोपी रॉबिन ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए हवलदार की बोली 1000 रुपये, इंस्पेक्टर की 10,000 रुपये और पूरे पुलिस स्टेशन की बोली 1 लाख रुपये लगा दी थी। पुलिस को खुली चुनौती देने वाले इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मथुरा के निर्देशन में टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर किया गिरफ्तार गोवर्धन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए गाँठौली-देवसेरस बम्बा की पुलिया के पास से आरोपी रोबिन पुत्र रईस (20 वर्ष) को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा कारतूस बरामद किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में उप-निरीक्षक गौरव शर्मा व टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 72/2026 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। एसएसपी ने कानून और वर्दी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के चक्कर में अपराध करने वालों के खिलाफ गोवर्धन पुलिस की यह सख्त चेतावनी है।