14 साल की लड़की से पड़ोसी ने किया रेप:बदायूं में पंचायत ने जबरन गर्भपात कराया, 40 साल के व्यक्ति से तय की शादी

बदायूं में पड़ोसी ने नाबालिग से रेप किया। फिर वीडियो बनाकर 5 महीने से डरा-धमकाकर उसके साथ रेप करता रहा। डर के कारण पीड़िता ने किसी से कुछ नहीं बताया। बेटी को गुमसुम और उसके हाव भाव देख परिजनों को शक हुआ। जब उससे सख्ती से पूछा तो उसने पूरी बात बताई। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने जांच कराई तो बच्ची 5 महीने की गर्भवती निकली। पंचायत ने फैसला लिया कि गर्भपात कराकर नाबालिग लड़की की शादी कराई जाएगी। आरोपी पक्ष से 3.40 लाख रुपए जमा भी करा लिए गए। पंचायत ने जब 40 साल के व्यक्ति से लड़की की शादी तय कर दी, तो परिजनों ने इनकार कर दिया। मामले में एसएसपी डॉ ब्रजेश सिंह के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र का है। अब पढ़िए पूरा मामला… पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 14 साल की बेटी कक्षा 9 में पढ़ती है। पड़ोसी युवक सोमवीर उर्फ भोला बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था। आरोप है कि उसने किशोरी से रेप किया। वीडियो बनाकर धमकी दी। कहा- जितनी बार उसे बुलाएं, वह आरोपी के पास आए। इसके बाद वह मेरी बेटी से रेप करता रहा। डर के कारण बेटी चुप रही। गर्भपात और शादी करवाने का आश्वासन दिया 19 सितंबर को बिसौली में बेटी का अल्ट्रासाउंड कराया। इसमें वह 5 महीने 6 दिन की गर्भवती निकली। इसके बाद मामला पंचायत तक पहुंचा। पूर्व प्रधान के घर ग्रामीणों की मौजूदगी में मीटिंग हुई। पंचायत ने पीड़ित परिवार को धमकी दी अगर मामला आगे बढ़ाया तो उन्हें गांव में नहीं रहने दिया जाएगा। 40 साल के व्यक्ति से तय कर दी शादी पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ दिनों बाद पंचायत के लोग और आरोपी के परिजन किशोरी को वगरैन ले गए। वहां बाजार के पास एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद, किशोरी की शादी बजीरगंज क्षेत्र के वधौल गांव में लगभग 40 साल के एक व्यक्ति से तय कर दी गई। पंचायत ने परिवार को बताया- शादी पर 1.70 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। जब पिता ने बेटी की नाबालिग होने का हवाला देकर शादी से इनकार किया, तो पंचायत और आरोपी पक्ष ने उन्हें गांव से निकालने की धमकी दी। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बिसौली थाने में शिकायत दी थी। 7 नवंबर को ऑनलाइन शिकायत भी भेजी थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। जब एसएसपी से शिकायत की तो उनके निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। ————————– ये खबर भी पढ़ें… सिपाही के बेटे का बुजुर्ग को कुचलने का VIDEO, कानपुर में तेज रफ्तार कार चलाने का विरोध किया था; मारपीट भी की कानपुर में हिस्ट्रीशीटरों ने कार चढ़ाकर बुजुर्ग को मारने की कोशिश की। परिवार वालों ने विरोध किया तो उनसे भी मारपीट की, गला दबाकर धमकाया। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों से भी गाली-गलौज की। इसका CCTV भी सामने आया है। मामला साउथ सिटी का है। पढ़ें पूरी खबर…