14 साल के छात्र का शव पेड़ से लटका मिला:जमीन से छू रहा था पैर, कान और भौंह में चोट, घर से 400 मीटर दूर घटना

गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के इंछापुरवा गांव में आज बुधवार देर रात 8 बजे के करीब एक 14 वर्षीय छात्र का गांव के बाहर पेड़ से लटकता शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। गांव के बाहर सरसों के खेत में आम के पेड़ से शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक छात्र की पहचान रज्जनपुर इंछापुरवा निवासी पिंटू वर्मा के पुत्र गुलशन वर्मा (14) के रूप में हुई है। गुलशन कंपोजिट विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहते हैं।
बुधवार शाम को गुलशन अपनी मां सीता से लकड़ी काटने की बात कहकर घर से निकला था। जब वह देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रात करीब 8 बजे मां को सूचना मिली कि उनके बेटे का शव घर से लगभग 400 मीटर दूर सरसों के खेत में आम के पेड़ से लटका हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलशन के पैर जमीन से छू रहे थे। गुलशन कुमार के बाएं कान का थोड़ा हिस्सा गायब था। बाईं आंख की भौंह में चोट के निशान थे। खरगूपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खरगूपुर प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।