आगरा में आगामी 15 जनवरी से होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को पश्चिमपुरी स्थित अमल गार्डन में आयोजन समितियों का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। जिसमें संतों और समाजसेवियों ने हिंदू समाज को संगठित करने का आह्वान किया। 15 जनवरी से प्रस्तावित विराट हिंदू सम्मेलन के निमित्त रविवार को अमल गार्डन, पश्चिमपुरी में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समितियों का प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पूज्य संत अतुल कृष्ण जी महाराज का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। अतुल कृष्ण जी महाराज ने कहा कि समाज को जागृत और संगठित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के हिंदू सम्मेलन आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज की संगठित शक्ति बढ़ेगी, तभी भारत अपनी आध्यात्मिक शक्ति और धर्म के माध्यम से पूरे विश्व को कल्याण और शांति का मार्ग दिखा सकेगा। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण को हिंदू एकता और शक्ति का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में समाज सेविका सोमलता जी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि माताओं को अपनी संतानों के लिए निर्माणकर्ता की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बचपन से ही बच्चों को अच्छे संस्कार देना आवश्यक है और ऊंच-नीच व जातिगत भेदभाव को मिटाकर “सभी हिंदू हैं” की भावना विकसित करनी होगी। विभाग प्रचारक रोहित जी ने राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संगठन की सामाजिक और सांस्कृतिक भूमिका को रेखांकित किया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति अवनी सारस्वत और अदिति जी के लास्या ग्रुप द्वारा दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में अशोक कुलश्रेष्ठ, केशव शर्मा, मदनलाल, भारत भूषण, संजय, चंद्रशेखर, हरिओम सारस्वत, जगदीश, रजत जोशी, अनुज शर्मा, करण गर्ग, अनीता खरे, राधा शर्मा, निर्मला दीक्षित, वंदना सिंह सहित बड़ी संख्या में बंधु एवं भगिनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन विनीत शर्मा द्वारा किया गया, जो हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक हैं।