2 करोड़ वाले गांजा तस्कर के घर में तहखाना-सुरंग:12 CCTV से निगरानी, प्रतापगढ़ में पत्नी-बेटी जाली से गांजे की पुड़िया देती थीं

प्रतापगढ़ में जिस तस्कर के घर से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश मिला, उसने घर में ही सुरंग और तहखाना खुदवा रखा था। सुरंग उसके सामने वाले घर में जाकर निकलती थी। यही नहीं, उसने पूरे घर को किले जैसा बनवाया था। 12 से अधिक CCTV कैमरे लगवा रखे थे, जिससे हर आने-जाने वाले पर नजर रखता था। बिना पहचान वाले को घर में घुसने नहीं देता था। यहां तक कि वह पड़ोसियों को भी घर नहीं बुलाता था। तस्कर राजेश मिश्रा का परिवार 5, 10, नहीं, बल्कि पिछले 40 सालों से गांजा तस्करी का काम कर रहा था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि उसका मुंदीपुर गांव मानिकपुर थाना क्षेत्र से सिर्फ 1 किमी की दूरी पर है। शनिवार सुबह पुलिस ने राजेश के घर पर रेड मारी। तलाशी शुरू की तो झोले-बोरे में भरे नोट मिलने लगे। पुलिसकर्मियों ने नोट गिनना शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद गिनते-गिनते थक गए। कई महिला पुलिसकर्मी तो पसीना तक पोंछती नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने नोट गिनने की 4 मशीनें मंगाईं और 24 घंटे तक गिनती चली। जांच में पता चला कि राजेश मिश्रा पर 4 केस दर्ज हैं। गैंगस्टर भी लगा है। वह प्रतापगढ़ जेल से ही पत्नी रीना मिश्रा के जरिए नशे का कारोबार चला रहा था। रीना पति के निर्देश पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में नेटवर्क फैला रही थी। पुलिस ने राजेश की पत्नी, बेटे-बेटी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। रेड करने वाली टीम को IG संजीव कुमार ने 1 लाख और एसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। 2 तस्वीरें देखिए-
कैसे फैलाया गांजा तस्करी का नेटवर्क जानिए ग्रामीणों के अनुसार, राजेश के पिता रामजी मिश्रा ने करीब 40 साल पहले गांजे का कारोबार शुरू किया था। उन्होंने पहले मानिकपुर और आसपास के गांवों में युवाओं को कम पैसे में गांजा-स्मैक पकड़ाकर इसकी लत लगाई। डिमांड बढ़ने पर उसने बड़ा स्टॉक मंगाना शुरू कर दिया। कई पेडलर रख लिए। धीरे-धीरे प्रयागराज, रायबरेली, जौनपुर, उन्नाव, अमेठी और कौशांबी तक नेटवर्क फैल गया। गांजे की अकूत कमाई से उसने किलेनुमा घर बनवाया, जिसमें लोहे के विशालकाय गेट लगाए गए थे। घर में एक जाली बनाई गई थी। अगर किसी को गांजा खरीदना होता, तो घर वाले जाली से पैसे लेते और पुड़िया पकड़ा देते थे। कुछ बोलने की जरूरत भी नहीं पड़ती थी। मकान के अंदर बिना पहचान वाले को एंट्री नहीं दी जाती थी। वह किसी पड़ोसी को भी घर में नहीं बुलाता था। छापेमारी की 4 तस्वीरें… मध्य प्रदेश तक बनाई प्रॉपर्टी पुलिस जांच में सामने आया है कि तस्कर हर हफ्ते गाड़ियां भरकर गांजा मंगवाता था। उसका कारोबार चौबीसों घंटे चलता था। राजेश के मानिकपुर थाना क्षेत्र में तीन मकान हैं। इनमें एक दो मंजिला हैं। इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज और रायबरेली में मकान हैं। मध्य प्रदेश में कई लाखों की जमीन है।​​​​​​ कैसे हुआ भंडाफोड़ जानिए
एक पड़ोसी राजेंद्र कुमार ने पुलिस से शिकायत की कि उसके दस्तावेजों का ‘फर्जी जमानत’ में इस्तेमाल किया गया है। वैरिफिकेशन के लिए पुलिस राजेश के घर पहुंची, लेकिन राजेश की पत्नी ने गेट नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को शक हो गया। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 9 बजे सीओ समेत पुलिस की 4 टीमें गांजा तस्कर राजेश मिश्रा के घर पहुंची। 4 गाड़ियों से आए 22 पुलिसकर्मियों ने घर में जांच शुरू की। पुलिस ने घर के एक-एक कोने की तलाशी ली। इस दौरान पन्नियों, झोलों और बोरों में नोट मिले। पुलिसवालों ने सभी नोटों को एक जगह इकट्‌ठा किया। टीम को एसपी दीपक भूकर लीड कर रहे थे। 24 घंटे तक चली छापेमारी में पुलिस को घर के 3 कमरों में अलमारी, बक्से, डिब्बे और बेड के अंदर से कैश मिला। पत्नी ने दरवाजा बंद कर पुलिस को रोकने की कोशिश की
पुलिस को राजेश के घर से नोटों के अलावा 6 किलो गांजा और 577 ग्राम स्मैक भी मिली। बाजार में गांजे की कीमत 3 लाख 3 हजार 750 रुपए और स्मैक की कीमत 11 लाख 54 हजार रुपए है। छापेमारी के बाद पुलिस ने गिरोह की मुखिया रीना मिश्रा (40), उसके बेटे विनायक मिश्रा (19), बेटी कोमल मिश्रा (20), दो भतीजे यश (19) और अजीत मिश्रा (32) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय रीना मिश्रा ने कमरे का दरवाजा बंद कर पुलिस को रोकने की भी कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। रीना मिश्रा पहले भी जेल जा चुकी है। वह 15 दिन पहले ही जमानत पर छूटी थी। उस पर भी 6 केस चल रहे हैं। पुलिस कार्रवाई पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कसा तंज
इस मामले को लेकर अखिलेश ने X पर लिखा- देखो कहीं लौटाना न पड़ जा। पुलिस को लेने के देने न पड़ जाएं। पुलिस ने महत्वपूर्ण लोगों से पंगा लिया है, जिन्हें सेवन के बाद सब चंगा दिखता है। गांजा तस्कर की 3 करोड़ की संपत्ति कुर्क करेगी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने गिरोह की अवैध चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 6 लाख 26 हजार 895 रुपए बताई जा रही है। ————————————————- ये खबर भी पढ़िए… UP के गांजा तस्कर के घर 2 करोड़ कैश मिला:पुलिसवाले गिनते-गिनते थके; झोले-बोरे में रखे थे 100, 50 और 20 रुपए के नोट यूपी के प्रतापगढ़ में एक तस्कर के घर पर पुलिस ने जब छापा मारा, तो 2 करोड़ रुपए कैश मिले। पूरी रकम 100-50 और 20 रुपए के नोटों की थी। पुलिसवालों ने नोट गिनने शुरू किए, लेकिन कुछ ही देर में गिनते-गिनते थक गए। कई महिला पुलिसकर्मी तो पसीना तक पोंछने लगीं। इसके बाद पुलिस ने नोट गिनने की 4 मशीनें मंगाईं और उनसे काउंटिंग पूरी की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नोटों का अंबार दिख रहा है। पढ़िए पूरी खबर…