2 दोस्तों को कुंड में धक्का देकर अकेले मार डाला:डूबने के बाद आराम से टहलता दिखा, मथुरा में लट्ठमार होली देखने निकले थे

मथुरा में एक छात्र ने अकेले 2 दोस्तों को कुंड में धक्का देकर मार डाला। करीब 45 सेकंड में दोनों लड़के पानी में डूब गए। इसके बाद आरोपी आराम से सीढ़ियां चढ़कर ऊपर आया। फिर वहां से भाग निकला। आरोपी ने दोस्तों के घर पहुंचकर घरवालों से कहा कि पैर फिसलने से दोनों कुंड में गिर गए। इससे वह डूब गए। गुरुवार को घटना से जुड़ा सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें छात्र दोस्तों को धक्का देता हुआ दिख रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया कि छात्र का दोस्तों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। घटना 25 फरवरी की है। तीनों दोस्त लट्ठमार होली देखने के बाद घर लौटते समय आशेश्वर कुंड नहाने गए थे। पुलिस ने नाबालिग पर हत्या का केस दर्ज किया है। अब पूरा मामला विस्तार से… बरसाना से लट्‌ठमार होली देख घर लौट रहे थे नंदगांव के मीना नगर निवासी सक्षम (15 ), ऑफीसर्स कॉलोनी निवासी रवि (17 वर्ष) 11वीं के छात्र थे। जबकि उनका आरोपी दोस्त नौवीं क्लास का स्टूडेंट है। 25 फरवरी को तीनों बाइक से बरसाना की लट्‌ठमार होली देखने गए थे। सक्षम के पिता रामकिशन ने बताया कि आरोपी छात्र ही घर से दोनों को बुलाकर ले गया था। होली देखकर तीनों दोस्त घर लौट रहे थे। रास्ते में तीनों आशेश्वर महादेव स्थित कुंड पहुंच गए। यहां तीनों दोस्त नहाने लगे। इस दौरान रवि और सक्षम कुंड में गहरे पानी में चले गए। डूबने से उनकी मौत हो गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपी सक्षम और रवि के घर पहुंचा। बताया कि दोनों की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहले सक्षम का शव बरामद किया। फिर दूसरे दिन रवि का शव कुंड से बाहर निकाला। सक्षम की टी-शर्ट फटी हुई थी, परिजन बोले थे- हत्या हुई सक्षम की बॉडी जब पानी से बाहर निकाल गई तो उसकी टीशर्ट फटी हुई थी। तब परिजनों ने पुलिस से कहा कि बेटे की हत्या हुई है। मारपीट में ही उसकी शर्ट फटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू की। 7 मार्च को पुलिस ने कुंड के पास में लगा एक सीसीटीवी देखा। इसमें दिख रहा है कि आरोपी छात्र दोनों को खींचकर पानी की तरफ ढकेल रहा है। इसके बाद पुलिस ने सक्षम के पिता की शिकायत पर आरोपी पर केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी परिवार समेत फरार हो गया। वीडियो में क्या दिख रहा, वो पढ़िए- दोस्तों को धक्का देने के बाद चुपचाप निकला आरोपी करीब 3 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है। तीनों दोस्त कुंड की सीढ़ियों पर हैं। इसमें दो लोग नहाने के बाद सीढ़ियों पर बैठ जाते हैं। सक्षम टीशर्ट पहने हुए है। वह सीढ़ियों पर बैठा हुआ है। तभी आरोपी छात्र हाथ पकड़कर उसे खींचता है। उसे धक्का देते हुए कुंड के पानी की तरफ ले जाता है। किनारे पर जाकर पानी में दोनों दोस्तों को धक्का दे देता है। करीब 45 सेकंड बाद आरोपी अकेला ही कुंड की सीढ़ियों से ऊपर आता है। सीढ़ियों के पास कुछ लोग बैठे होते हैं। वह किसी से बिना बोले तेजी से बाहर निकल गया। घर का इकलौता बेटा था सक्षम सक्षम अपने घर का अकेला बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। वहीं, रवि तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी एक बहन है। पिता राम किशन ने बताया कि बेटा सक्षम पढाई में होनहार था। हाईस्कूल में वह अच्छे नंबर लाया था। मैं मजदूरी कर उसे पढ़ा रहा था। जबकि रवि के पिता भगवान सिंह एक धागा फैक्ट्री में काम करते हैं। बरसाना थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। ……………… ये खबर भी पढ़िए- फतेहपुर में एक कमरे में मां-बेटे, देवर की लाश मिली:तीनों के गले पर जख्म, हाथ की नसें कटीं; पास में जहर की पुड़िया पड़ी थी फतेहपुर में मां-बेटे और देवर की एक कमरे में लाश मिली है। तीनों के गले पर घाव थे। हाथों की नस कटी हुई थी। पास में ही जहर की पुड़िया भी पड़ी थी। महिला के पति अपनी बेटी की ससुराल गए थे। बुधवार शाम जब घर लौटे तो मेन दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से गेट तोड़ा। अंदर गए तो देखा कि तीनों लोग खून से लथपथ पड़े थे। पढ़ें पूरी खबर….