2 फरवरी को ललितपुर आएंगे सीएम योगी:दौरे को लेकर अधिकारियों ने देवगढ़ वनक्षेत्र का निरीक्षण किया

ललितपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 2 फरवरी को प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने झांसी रेंज के आईजी आकाश कुल्हरी, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के साथ देवगढ़ वन क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सभास्थल और हेलीपैड के लिए संभावित स्थलों का अवलोकन किया। सभास्थल के लिए देवगढ़ स्थित जैन धर्मशाला के सामने मेला ग्राउंड, जबकि हेलीपैड के लिए दशावतार मंदिर के पीछे स्थित वन क्षेत्र को उपयुक्त माना गया। मंडलायुक्त ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्थलों को शीघ्र चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित रखी जाएं। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा, यातायात और आवागमन व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने आईजी और पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रशासनिक अधिकारियों को वाहनों की पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थान चयनित करने को कहा। इस दौरान डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य ने जानकारी दी कि 2 फरवरी को नेचुरल वर्ल्ड फेस्टिवल के अवसर पर मुख्यमंत्री का आगमन संभावित है, इसी को ध्यान में रखते हुए देवगढ़ वन क्षेत्र का चयन किया गया है। निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अंकुर श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, एडीएफओ सत्येंद्र तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।