संभल में लाइनमैन को करंट लगा, VIDEO: 11000 वोल्ट की नई लाइन पर काम करते झुलसा; 20 मिनट खंभे पर लटका रहा, मेरठ रेफर संभल में बिजली के खंभे पर काम करते हुए एक लाइनमैन हाईवोल्टेज तार से चिपक गया। करीब 20 मिनट तक वह 20 फुट ऊंचे खंभे पर झूलता रहा। हाथ-पैर चलाता रहा। 11 हजार के हाई वोल्टेज का तार उसके कंधे और दाहिने पैर के जांघ को चीरता हुआ करीब 2 इंच तक घुस गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग ने सप्लाई बंद की और लाइनमैन को नीचे उतारा गया। तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। करीब 22 घंटे के इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। जिसका एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। 27 सेकेंड के इस वीडियो में प्राइवेट लाइन मैन का बिजली खंभे पर झूलते हुए और तारों से करंट की चिंगारी निकलते साफ देखा जा सकता है। घटना जिला मुख्यालय से 34 किलोमीटर दूर संभल कोतवाली क्षेत्र की है। 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला पढ़िए…
संभल कोतवाली क्षेत्र में मुख्य बिजलीघर से 7 किमी दूर शहबाजपुर सूरा नगला गांव में शनिवार को बिजली विभाग की ओर से ठेके पर 11 हजार वोल्ट की लाइन खींचने का काम कराया जा रहा था। इस दौरान मुरादाबाद के सोनकपुर का निवासी आशीष (32) ठेके पर लाइन खींचने का काम कर रहा था। दोपहर करीब एक बजे आशीष खंभे पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। उसके साथी लाइनमैन नीचे और आसपास की छतों पर काम देख रहे थे। काम शुरू करने से पहले बिजलीघर से शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद अचानक लाइन में तेज करंट आ गया। करंट लगते ही आशीष खंभे से चिपक गया और जोर-जोर से चीखने लगा। लोग देखते रहे, लेकिन हाई वोल्टेज के कारण कोई उसे छू भी नहीं पा रहा था। 20 मिनट तक खंभे से चिपका रहा, हाथ-पैर मारता रहा
करीब 20 मिनट तक आशीष तारों पर लटका-झूलता रहा, हाथ-पैर हिलाता रहा। गांव वालों का कहना है कि करंट का झटका इतना तेज था कि उसके कंधे और जांघ का मांस गहराई तक कट गया। कंधे और दाहिनी जांघ पर गहरी चोट; करंट तार 2 इंच तक धंस गया
हाई वोल्टेज करंट के कारण आशीष का कंधा बुरी तरह फट गया। दाहिनी जांघ का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। करंट से तार करीब 2 इंच अंदर तक धंस गया। शरीर के कई हिस्सों की त्वचा झुलस गई। दोपहर करीब 1:20 पर सूचना मिलने के बाद शटडाउन लिया गया। इसके बाद दूसरे लाइनमैनों ने रस्सी के सहारे बड़ी मुश्किल से उसे नीचे उतारा। ग्राम प्रधान के बेटे जीशान उसे संभल के चंदौसी रोड स्थित मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हां करीब 22 घंटे तक उसका इलाज चला। हालत न सुधरने पर रविवार दोपहर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। लाइनमैन बोले- नहीं मिली थी कोई सुरक्षा किट
ठेके पर काम में लगे दूसरे लाइनमैनों ने बताया- काम करने के दौरान ठेकेदार की ओर से उन्हें कोई सुरक्षा किट नहीं दी गई थी। अगर सुरक्षा किट होती तो आशीष इतनी बुरी तरह से घायल न होता। वहीं ठेका कर्मचारियों ने शटडाउन के बावजूद सप्लाई शुरू करने के बाद बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले को लेकर एक्सईएन नवीन गौतम को फोन किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ———————————- ये खबर भी पढ़िए… देवकीनंदन महाराज बोले- गोली मारो गद्दारों को:बाबर की विचारधारा वाले देशद्रोही; मथुरा में शौर्य यात्रा निकाली मथुरा में विश्व हिंदू परिषद की शौर्य यात्रा में कथा वाचक देवकी नंदन महाराज ने कहा- अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी। हम अब्दुल कलाम और रसखान की विचारधारा के साथ हैं। उनका सम्मान करते हैं, लेकिन जो बाबर की विचारधारा से विचार मिलाएगा, वो देशद्रोही हैं। इनको वहां भेज देना चाहिए, जहां से बाबर आया था। या जहां अभी वो है। ऐसे गद्दारों को गोली मार देनी चाहिए। पढ़िए पूरी खबर…