21 लाख मतदाताओं की घर-घर होगी जांच:मतदाता सूची पुनरीक्षण: मृत, स्थानांतरित और दोहरे नाम हटेंगे

मुजफ्फरनगर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार से जिले में वोटरों की छंटाई और सत्यापन का सबसे बड़ा अभियान शुरू हो रहा है। इस कार्यक्रम के तहत जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के 21 लाख से अधिक मतदाताओं के विवरण की घर-घर जाकर जांच की जाएगी। यह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान एक महीने तक चलेगा। इसमें बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अहम भूमिका निभाएंगे। बीएलओ 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक प्रत्येक घर पर जाकर गणना प्रपत्र के माध्यम से मतदाताओं की जानकारी एकत्र करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले का नया और अद्यतन मतदाता डाटाबेस तैयार करना है। इसमें मृत, स्थानांतरित और दोहरे नामों को हटाने पर विशेष जोर रहेगा। उत्तर प्रदेश में 22 साल बाद मतदाताओं का शुद्ध विवरण तैयार करने के लिए यह एसआईआर शुरू किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम उमेश मिश्रा के नेतृत्व में निर्वाचन कार्यालय ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को जनपद के छह विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के लिए नियुक्त 1982 बीएलओ को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।