फिरोजाबाद पुलिस ने 21 साल से फरार 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश परवेज को गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी/सर्विलांस और थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में परवेज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त परवेज पुत्र ज्वाला उर्फ जलाल उर्फ असलम उर्फ रमेश, निवासी कस्बा व थाना रामगढ़, फिरोजाबाद, वर्ष 2005 से थाना उत्तर में दर्ज एक मुकदमे में फरार चल रहा था। वह 18 मई 2006 से स्थाई एनबीडब्ल्यू में गैरहाजिर था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा रेंज द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि परवेज थाना उत्तर क्षेत्र की बैंदी की पुलिया के पास छिपा हुआ है। इस सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में परवेज के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जिसका चेसिस नंबर भी घिसा हुआ था) और 900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में परवेज ने बताया कि वह वर्षों से अपने पिता का नाम बदल-बदलकर अपनी पहचान छिपा रहा था। वर्तमान में वह अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाकर जीवन यापन कर रहा था। परवेज के विरुद्ध फिरोजाबाद और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, डकैती, लूट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास सहित करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था।