25 साल से पार्टी में जुड़े सपाई होंगे सम्मानित:झांसी में पूर्व महानगर अध्यक्ष बोले- सिपाहियों को मिलेगा ‘समाजवादी रत्न’ सम्मान

समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक मिर्ज़ा करामत बेग ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि बुन्देलखण्ड के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव को अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें इंटरनेशनल कोऑपरेटिव अलायंस एशियन पैसिफिक (ICA-AP) के अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुना गया है। मिर्ज़ा करामत बेग ने कहा कि जापान के बाद श्रीलंका में डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव की यह सफलता झांसी और पूरे बुन्देलखण्ड के लिए गौरव का विषय है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में झांसी में समाजवादी पार्टी के 25 वर्ष से समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। 7 फरवरी को कुंज वाटिका में सम्मान समारोह
उन्होंने बताया कि आगामी शनिवार, 7 फरवरी को सुबह 11 बजे से झांसी के बस स्टैंड रोड स्थित कुंज वाटिका विवाह घर में विशाल सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। ‘समाजवादी रत्न’ से होंगे सम्मानित
इस कार्यक्रम की खासियत यह होगी कि केवल डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव का अभिनंदन ही नहीं किया जाएगा, बल्कि समाजवादी आंदोलन के उन कर्मठ कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने जीवन के 25 वर्ष या उससे अधिक समय निस्वार्थ भाव और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को समर्पित किया है। ऐसे कार्यकर्ताओं को ‘समाजवादी रत्न’ की उपाधि से नवाजा जाएगा। वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी होंगे मौजूद
सम्मान समारोह में समाजवादी पार्टी के झांसी जनपद के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और भारी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। मिर्ज़ा करामत बेग ने समस्त कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस गौरवशाली क्षण का हिस्सा बनें।