मुजफ्फरनगर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी गैंगस्टर गुफरान घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ टोड़ा मार्ग पर हुई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें गुफरान के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान बागपत जिले के रमाला थाने से गैंगस्टर एक्ट में वांछित गुफरान पुत्र इरफान निवासी नगला रियावली के रूप में हुई है। उस पर लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गुफरान लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार था। पुलिस ने गुफरान के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल के निर्देश पर रतनपुरी पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। पिछले एक महीने में इसी क्षेत्र से वांछित 25 हजार के इनामी गुलफाम उर्फ काला और हसन को भी पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया जा चुका है। ये दोनों भी नगला रियावली क्षेत्र से संबंधित थे। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश कुमार, सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार, कांस्टेबल प्रशांत, नवीन और गजेंद्र मावी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अपराधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रतनपुरी पुलिस की इस सक्रियता से इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों में दहशत का माहौल है।