प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज की कथा में उस समय सब लोग हैरान रह गए, जब एक युवक ने मंच से खड़े होकर महाराज को 15 करोड़ रुपये दान देने की इच्छा जताई। युवक ने दावा किया कि वह करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक है और उसका 50 प्रतिशत हिस्सा सनातन धर्म के कार्यों में दान करना चाहता है। कथा के दौरान युवक ने अनिरुद्धाचार्य महाराज से सवाल किया कि वह यह रकम उन्हें किस तरह दे सकता है। यह सुनकर महाराज जी खुद चौंक गए और युवक से पूछा कि वह क्या काम करता है। युवक ने जवाब दिया कि वह ट्रेडिंग करता है और बिटकॉइन में निवेश करता है। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि उसने वर्ष 2022 में एफडी कराई थी, जिसकी वैल्यू अब 30 हजार करोड़ रुपये होने वाली है। युवक की बातें सुनकर कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालु अचंभित रह गए और माहौल में ठहाके गूंज उठे। इस पर अनिरुद्धाचार्य महाराज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हमें ये पैसे मत दो। अगर सच में इतना सामर्थ्य है तो इन पैसों से स्कूल खोलो, गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा दो, भारत के कोने-कोने में विद्यालय स्थापित करो और सेवा करो।” महाराज जी ने आगे कहा कि उन्हें करोड़ों रुपये नहीं चाहिए। “हम तो भिक्षा में जो थोड़ा-थोड़ा मिलता है, उसी में संतुष्ट और खुश हैं।” इस पूरी घटना का वीडियो स्वयं अनिरुद्धाचार्य महाराज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं युवक के दावों को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।