लखनऊ के चौक इलाके में 4 साल के बच्चे अर्नव की मौत को लेकर शॉकिंग खुलासा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्चे की शरीर पर चोट के 18 गंभीर निशान मिले हैं। कई हड्डियां टूटी थीं। पुलिस मान रही है कि बच्चे को बेरहमी से पीटने के बाद मुंह दबाकर मार डाला गया। बच्चे की नानी की शिकायत पर पिता और सौतेली मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। बच्चे की मौत गुरुवार को हुई थी। पुलिस ने पिता और सौतेली मां को हिरासत में ले लिया है। नानी, मामा और मौसी का आरोप है कि बच्चे के पिता और सौतेली मां करीब 6 महीने से उसकी रोज पिटाई कर रहे थे। बच्चे के शरीर पर लगे चोट के निशान छिपाने के लिए गर्मी में भी उसे फुल स्लीव शर्ट और टोपी पहनाकर रखते थे। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर बच्चे के पिता और ननिहाल पक्ष के लोगों के बीच झड़प भी हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद ननिहाल के लोग बच्चे का शव अपने साथ ले गए और उसका अंतिम संस्कार किया। भास्कर टीम मौके पर पहुंचकर इस पूरे केस में सभी पक्षों से बात की है। ननिहाल पक्ष के आरोपों की तस्दीक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी करती दिख रही है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… मैट्रिमोनियल साइट पर लड़का देखकर शादी की उन्नाव शुक्लागंज के सहजनगर अंबिकापुरम के रहने वाले मासूम अर्नव के मामा रोहित कश्यप के अनुसार, चौक के लाजपतनगर में भीष्म खरबंदा रहते हैं। हमने मैट्रिमोनियल साइट पर लड़का देखा था। 23 नवंबर 2020 को बहन स्वाति की उनसे शादी कराई। 16 अक्टूबर 2021 को स्वाति ने बेटे अर्नव को जन्म दिया। उसके बाद स्वाति की तबीयत खराब रहने लगी। भीष्म ने इलाज नहीं कराया, जिससे उसकी स्थिति खराब होती चली गई। आंतों में इंफेक्शन हो गया था, जिससे बहन स्वाति की अप्रैल 2022 में मौत हो गई। उसके बाद से अर्नव को उन्नाव ननिहाल में ही ले आए। स्वाति की मौत के बाद भीष्म ने दूसरी शादी कर ली रोहित ने बताया- बहन स्वाति की मौत के बाद उसके पति भीष्म ने तुरंत छोटी बहन काजल से शादी करने का प्रस्ताव सामने रखा। बहन की प्रताड़ना देखकर काजल ने शादी के लिए मना कर दिया।भांजे को भी लखनऊ भेजने की हिम्मत नहीं हुई। इस बीच भीष्म ने रागिनी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। रागिनी को एक बच्चा पहले से था। बाद में भीष्म से भी एक बच्चा पैदा हुआ। इसके बाद भीष्म, बेटे अर्नव की भी कस्टडी मांगने लगा। लेकिन हम लोगों ने अर्नव को नहीं भेजा। इसके लिए उसने कई बार घर आकर गाली-गलौज और मारपीट भी की। कोर्ट से ले ली कस्टडी, फिर हत्या कर दी रोहित के मुताबिक, 13 अगस्त 2025 को भीष्म कोर्ट का आदेश लेकर आ गया। कोर्ट के आदेश पर अर्नव को उसके हाथ सौंप दिया गया। कोर्ट ने एक महीने तक साथ रहने का समय दिया था। फिर बच्चे के बयान पर भीष्म को कस्टडी सौंप दी। उसके बाद से भीष्म और उसकी दूसरी पत्नी अर्नव को बुरी तरह पीटने लगे। अगस्त 2025 के बाद से अर्नव से न तो ननिहाल के लोगों को मिलने दिया, न ही मोबाइल फोन पर ढंग से बात कराई। कई बार कहने पर 2-3 दिन बाद बात कराता था। बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान अर्नव की मौसी काजल ने बताया कि अगर कभी वीडियो कॉल करता था तो कैमरा दूसरी तरफ करके अर्नव को दिखाता था। म्यूट भी कर देता था जिससे अर्नव की किसी भी तरह की आवाज हम न सुन सकें। गुरुवार को उन्हें फोन कर अनर्व की मौत की सूचना दी। इसके बाद ननिहाल के लोग मौके पर पहुंचे। ननिहाल पक्ष के अनुसार, मासूम का शव देखा तो बर्बरता दिखाई दी। अर्नव के शरीर पर चोट के कई निशान थे। ऐसा लग रहा था कि सिगरेट और प्रेस से जलाया गया है। कपड़े उतारकर देखा तो बैक की तरफ पीटे जाने के लाल-काले निशान पड़े थे। उन चोट के बारे में पूछने पर वह लड़ाई करने लगा। घर में दोनों पक्षों में विवाद हो गया। अर्नव से मिलने आओ तो दूर से दिखाता था अर्नव की नानी सुधा ने बताया कि अर्नव से मिलने आओ तो बाहर ही लॉन में बैठाता था। घर के अंदर नहीं जाने देता था। अर्नव को दूर से दिखाता था। अर्नव से बात करने का प्रयास करो तो गाली देने लगता था। अर्नव भी इतना डरा रहता था कि कुछ बोलने की हिम्मत नहीं करता था। अर्नव के साथ रोजाना बर्बरता होती थी। उसे छिपाने के लिए गर्मी में भी फुल स्लीव की शर्ट और ऊनी टोपी पहनाता था। अंतिम बार 23 फरवरी को मिले थे। दोनों पक्ष पोस्टमॉर्टम हाउस पर भिड़े शव के पोस्टमॉर्टम के दौरान शुक्रवार को दोनों पक्ष मौजूद थे। इस दौरान भीष्म और उसके भाई से अर्नव के ननिहाल पक्ष का विवाद हो गया। भीष्म और उसका भाई पूरे परिवार को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। दोनों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे। दोनों पक्षों में गाली-गलौज और हाथापाई हो गई। अन्य लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को रोका। कुछ देर बाद भीष्म के पक्ष से आए लोग लौट गए। पुलिस ने शव ननिहाल पक्ष को सौंप दिया। ननिहाल वालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने नानी सुधा की तहरीर पर भीष्म और रागिनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपध्याय का कहना है कि जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। —————————— संबंधित खबर भी पढ़िए- ‘सौतेली मां ने 4-साल के बेटे को पीटकर मार डाला’ : लखनऊ में मौसी बोलीं- बच्चे को करंट लगाया, शरीर पर चोट के निशान ‘मेरे 4 साल के भांजे को उसके पिता भीष्म खरबंदा और सौतेली मां रागिनी ने मिलकर मार डाला। वे उसे अक्सर करंट लगाते थे। पीटते थे। अब दोनों ने उसे अपने रास्ते से हटा दिया। मैं और मां (बच्चे की नानी) जब भी उससे मिलने जाते थे, उसके शरीर पर नई चोट के निशान दिखते थे। इस बार तो उसे बाथरूम में ही पीटकर मार डाला।’ (पूरी खबर पढ़िए)