पीलीभीत के शहर कोतवाली क्षेत्र में चार साल की एक बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले 14 वर्षीय किशोर पर यह आरोप है। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में लिया और बाल सुधार गृह भेज दिया है। घटना बीते 12 फरवरी की शाम करीब छह बजे की है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस का 14 वर्षीय किशोर वहां पहुंचा और बच्ची को बहला-फुसलाकर खेलने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि वहां किशोर ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के दर्द से चिल्लाने और रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपी किशोर बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गया। बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शहर कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में घेराबंदी कर आरोपी किशोर को पकड़ लिया। शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी किशोर को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।