लखनऊ में शादी से इनकार करने पर बीएससी छात्रा की गला काटकर की गई हत्या के आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। युवक ने छात्रा के घर में घुसकर रविवार को हत्या की थी। छात्रा और हत्यारोपी 5 साल से रिलेशनशिप में थे। शादी भी तय थी। लेकिन उसकी हरकतों की वजह से लड़की ने शादी से इनकार कर दी जिससे वह नाराज हो गया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… प्रियांशी घर पर छोटी बहन के साथ थी मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धर्मावतखेड़ा गांव में रविवार को प्रियांशी रावत (18) की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या उसके प्रेमी ने की थी। हत्या के वक्त घर पर प्रियांशी और उसकी छोटी बहन थी। मां पूनम काम पर गई थीं। वह पीजीआई इलाके में काम करती हैं। पिता रमेश रावत की मौत करीब 3 साल पहले हो चुकी है। बहन महक के अनुसार, आरोपी आलोक कुमार अक्सर घर आता था। जब भी आता था उसकी दीदी से मारपीट करता था। रविवार को भी वह आया और झगड़ने लगा। फिर गला काटकर फरार हो गया। पढ़िए परिजन ने क्या कहा… सड़क पर बाइक खड़ी की थी पड़ोसियों बताया कि आरोपी आलोक सामान्य रूप से आया लेकिन रविवार को उसने प्रियांशी के घर से करीब 100 दूर सड़क पर ही अपनी बाइक खड़ी की। जबकि अन्य दिनों वह घर के पास बाइक खड़ी करता था। उसके बाइक दूर खड़ी करने से यह साफ है कि वह पूरी प्लानिंग के साथ आया था। हत्या करने के बाद वह भागकर सड़क पर खड़ी बुलेट के पास पहुंचा। उसे स्टार्ट किया और फरार हो गया। आते ही पूछा- तुम्हारी दीदी कहां है? मृतका की छोटी बहन महक के अनुसार, आलोक जल्दबाजी में लग रहा था। उसने आते ही पूछा कि तुम्हारी दीदी कहां है? महक ने बताया कि सो रही हैं। उसने कहा कि ऊपर भेज दो और फिर छत पर चला गया। महक ने बताया- दीदी ऊपर गईं, तो आलोक ने पूछा कि शादी करोगी या नहीं? दीदी ने मना कर दिया। आलोक ने जेब से चाकू निकाला और दीदी का गला काट दिया। दीदी की चीख सुनकर मैं छत पर भागी। वह दौड़कर नीचे की ओर भागा। मैंने देखा कि दीदी सीढ़ी से नीचे की तरफ अपनी गर्दन पकड़े आ रही थीं। खून तेजी से बह रहा था। करीब 10 मिनट तक वह तड़पती रहीं, फिर उनकी मौत हो गई। 5 साल पहले शादी में मिले थे दोनों छोटी बहन ने बताया- 5 साल पहले दोनों की मुलाकात एक शादी में हुई थी। शादी गांव के राहुल चाचा की थी। दोनों इसके बाद बातचीत करने लगे। फिर एक दूसरे को अपने मोबाइल नंबर्स शेयर किए। दोनों एक दूसरे को प्यार करते थे। दीदी ने मां को सारी बात बताई और शादी की बात करने को बोली। मां ने आलोक के पिता से बात की। दोनों परिवार राजी हो गए। शादी तय होने के बाद हक जताने लगा, मारपीट करने लगा मां पूनम के ड्यूटी पर जाने के बाद अक्सर आलोक घर आ जाता था। अगर प्रियांशी किसी से बात करती तो उस पर शक करता था। वह नहीं चाहता था कि प्रियांशी किसी से बात करे। किसी से बात करते हुए देखता तो मारपीट पर उतारू हो जाता था। मां पूनम ने बताया- कई बार उसने मोबाइल फोन भी तोड़ दिए थे। वह हक जताने के साथ पूरा कंट्रोल चाहता था। जब आलोक की हरकतों से बेटी तंग आ गई तो मुझसे बात की और शादी से मना कर दिया। इसके बाद मैंने लड़के के घर फोन कर पूरी बात बताई और शादी तोड़ दी। शादी टूटने से आलोक खफा हो गया। इंस्टाग्राम पर खुद को बसपा का नेता लिख रखा आरोपी आलोक कुमार की इंस्टाग्राम में official_sinu_7087 के हैंडल से आईडी है। इसमें उसने खुद को बसपा का नेता लिखा है। लिखा है- वेलकम टू माई प्रोफाइल। बहुजन समाजवादी पार्टी जिंदाबाद। वार्ड-14 अध्यक्ष भरवारा मल्हौर। जय भीम, जय संविधान। इस आईडी पर उसने कई फोटोज टोयोटा की इनोवा के साथ पोस्ट की हैं। उसका नंबर UP 32 MV 7087 है। आरोपी ने इंस्टा के हैंडल पर भी यही नंबर लिखा है। परिवहन विभाग की वेबसाइट के अनुसार यह गाड़ी आलोक कुमार के नाम पर है। दुर्घटना में हुई थी पिता की मौत मृतका परिजनों ने बताया- 3 साल पहले पीजीआई क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में प्रियांशी के पिता रमेश रावत की मौत हो गई थी। उसके बाद से मां पूनम ने पीजीआई क्षेत्र में प्राइवेट नौकरी कर दोनों बेटियों प्रियांशी और महक को पढ़ा-लिखा रही थीं। प्रियांशी लखनऊ के केकेवी कॉलेज से बीएससी कर रही थी। बेटी का शव गोद में लेकर बिलख रही थी मां बेटी प्रियांशी की मौत की खबर सुनकर काम छोड़कर मां घर पहुंचीं। वह बेटी का खून से लथपथ शव देखकर बिलख पड़ीं और बेटी के शव को गोद में लेकर घर के बाहर बैठ गईं। पुलिस ने प्रियांशी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कब्जे में लेने की कोशिश की तो मां भड़क गईं। उन्होंने पुलिस से स्पष्ट कहा- हमने बेटी खो दी है। उसका कातिल पकड़े जाने के बाद ही शव को ले जाने देंगे। मौके पर मौजूद एडीसीपी और एसीपी ने मां समेत परिजन को समझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ————— खबर ये है… मुझसे शादी करोगी? मना करते ही छात्रा का गला काटा : लखनऊ में घर में घुसकर वारदात, 10 मिनट तक तड़पती रही…फिर मौत लखनऊ में एक युवक ने घर में घुसकर बीएससी की छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद बाइक से भाग गया। छात्रा 10 मिनट तक जमीन पर पड़ी तड़पती रही। फिर घर के दरवाजे पर ही दम तोड़ दिया। (पूरी खबर पढ़िए)