5 दिन बाद कार चालक का शव नहर से मिला:पुलिस ने क्रेन से कार निकाली, हत्या या हादसा जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज

सीतापुर के कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र में पांच दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए कार चालक का शव रविवार बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शारदा सहायक नहर से कार को बाहर निकालते हुए चालक के शव को भी बरामद किया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद के बिसवां मार्ग निवासी शाहिल नाग पुत्र राजेंद्र नाग के नाम पंजीकृत स्विफ्ट डिजायर कार को नूरपुर निवासी अकील पुत्र अमीन चलाता था। बीते बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अकील कार लेकर शाहिल के यहां से नूरपुर के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद से वह लापता हो गया। कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। चालक के अचानक लापता होने पर कार स्वामी ने कोतवाली महमूदाबाद में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस को सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और कार की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि कुछ दिन पहले एक कार शारदा सहायक नहर में गिरने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। रविवार को सिहारुखेड़ा और बघाइन गांवों के बीच नहर में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार के अंदर चालक अकील का शव मौजूद था। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी मिलने पर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।