55 की उम्र में कर चुका 6 शादी…7वीं की तैयारी:आजमगढ़ में नाबालिग बेटे ने पुलिस से कहा- शादी के लिए कर्ज लिया, जमीन बेची

आजमगढ़ में एक व्यक्ति सातवीं बार शादी की तैयारी में है। 55 वर्ष की उम्र में वह छह शादी कर चुका है। सातवीं बार दूल्हा बनने की जानकारी उसके नाबालिग बेटे को हो गई। उसने पुलिस से शादी रुकवाने की गुहार लगाई है। बेटे ने बताया शादी के लिए अपनी जमीन गिरवी रख दी है। पुलिस ने मामला सुलझाने का भरोसा दिया है। मामला अहरौला थाना क्षेत्र का है। अब विस्तार से जानिए पूरा मामला… सातवीं शादी की भनक नाबालिग बेटे को लग गई
अहरौला के पूरा दुबे गोदाम निवासी अरमजीत मौर्य (55) अब तक 6 शादियां कर चुके हैं। अब सातवीं शादी करने की तैयारी में लगे हुए हैं। इसके लिए उन्होंने अपनी जमीन को गिरवी रख दिया है। 50 हजार रुपये कर्ज भी ले लिया है। इसकी जानकारी 17 वर्ष के उनके नाबालिग बेटे को हो गई। बेटे ने अहरौला थाना पहुंचकर पिता की शिकायत की है। पुलिस से कहा कि सातवीं शादी की जिद पर अड़े पिता को ऐसा करने से मना किया तो मेरी पिटाई कर दी। दो साल पहले की थी छठी शादी, वह छोड़ गई
12वीं में पढ़ने वाले बेटे ने बताया कि पिता ने मेरी मां से तीसरी शादी की थी। उसके पहले दो शादियां और कर चुके थे। मेरी मां से शादी करने के बाद तीन शादियां फिर कीं। इस तरह वह 6 शादी कर चुके हैं। छठवीं शादी 2024 में की थी। छठी पत्नी कुछ दिन साथ रही। उसके बाद जमीन अपने नाम करने की बात कहने लगी। पिता ने जमीन जब नाम नहीं किया तो वह जेवर की मांग करने लगी। जब जेवर भी नहीं मिला तो वह छोड़कर चली गई। नई शादी के लिए जमीन बेच रहे, एडवांस लिए 50 हजार
अब पिता सातवीं शादी के लिए कुछ लोगों के संपर्क में हैं। वह नई शादी करने के लिए बची हुई जमीन बेचने की तैयारी में हैं। उन्होंने किसी से 50 हजार रुपये एडवांस में ले लिया है। इसके साथ ही आधी से ज्यादा जमीन गिरवी रख चुके हैं। बेटे ने बताया कि पिता उसका खर्च नहीं देते हैं। वह अपने खर्च और गुजारा के लिए मजदूरी करता है। उस पैसे से पिता का कर्ज चुकता करता है। बेटे ने बताया कि पिता की जिद पर वह कमाई करने के लिए दूसरी जगह चला गया था। अभी 12वीं की परीक्षा देने गांव आया तो पिता की नई शादी से जुड़ी जानकारी मिली है। पिता को ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने पिटाई कर दी। बहन बोली- 2 भाभियों की मौत हुई, 4 छोड़कर भाग गईं अमरजीत की बहन माला देवी ने बताया कि 1996 में अमरजीत ने पहला विवाह किया था। शादी के 15 दिन बाद विदाई से पहले ही मायके में उनकी पत्नी की मौत हो गई। 1999 में दूसरी शादी की। शादी से तीन बेटियां हैं। चौथा बच्चा होने वाला था, उसी समय दूसरी पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद भाई ने तीसरी शादी की। शादी से एक बेटा हुआ। बेटे के जन्म के बाद तीसरी पत्नी गांव के मुकेश मौर्या के साथ चली गई। फिर अमरजीत ने चौथी शादी की। वह कुछ महीने साथ रही। उसने कहा कि जमीन उसके नाम कर दो। भाई ने मना किया तो वह छोड़कर चली गई। पांचवीं पत्नी ने भी अपने नाम जमीन करने की बात कही, जब उसके नाम जमीन नहीं हुई तो वह भी छोड़कर भाग गई। साल 2024 में छठी शादी आरती से की। वह भी जमीन अपने नाम करने की बात कर रही थी। उसी समय अमरजीत को लकवा मार गया। वह भी छोड़ कर भाग गई। अब भाई सातवीं शादी करने जा रहा है। बताया कि भाई के नाम 4 बीघा जमीन है। अमरजीत बोले- बुढ़ापा सही से कट सकेगा सातवीं शादी करने जा रहे अमरजीत मौर्य का कहना है कि मेरी उम्र बढ़ रही है। देखरेख करने वाला कोई नहीं है। पत्नी होगी तो जीवन-यापन सही से हो सकेगा। वहीं गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने मामले को सही बताया है। प्रधान के मुताबितक अमरजीत मौर्य अब तक कई शादियां कर चुका है। वह फिर से शादी की तैयारी कर रहा है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा का कहना है कि बेटे के आरोपों की जांच कर पिता को समझने को समझाने की कोशिश की जाएगी। ———–
ये भी पढ़ें… आशुतोष महाराज बोले-21 लाख के लिए मुझ पर हमला किया:अविमुक्तेश्वरानंद अखिलेश यादव के गुरु, मेरे पास शंकराचार्य के खिलाफ तगड़े सबूत ’21 लाख रुपए की लालच में मुझ पर हमला किया और कराया गया। मुझे कोर्ट तक पहुंचने और सबूत देने से रोकने के लिए यह साजिश रची गई।’ यह दावा जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष महाराज ने किया। आशुतोष रविवार को रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे कौशांबी में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में उन पर जानलेवा हमला हुआ। पूरा इंटरव्यू पढ़िए…