बरेली में 11 से 15 नवंबर तक 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। डीएम अविनाश सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में DM ने सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 1056 खिलाड़ी होंगे शामिल, 6 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन
इस प्रतियोगिता में देशभर से अंडर-17 वर्ग की 44 लड़कों और 44 लड़कियों की टीमें भाग लेंगी। कुल 1056 प्रतिभागी शामिल होंगे। हर टीम के लिए एक लाइजनिंग ऑफिसर तैनात किया गया है। सभी खिलाड़ी 6 नवंबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। मैदान से लेकर भोजन तक हर व्यवस्था पर फोकस
DM ने खिलाड़ियों के आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर टेंट, मंच, ट्रॉफी, मेडल, लाइव स्ट्रीमिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों के स्वागत तक हर तैयारी प्रोफेशनल स्तर पर होनी चाहिए। सुरक्षा और स्वच्छता पर भी दिए सख्त निर्देश
अविनाश सिंह ने फायर ब्रिगेड की तैनाती, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, मेडिकल टीम की उपलब्धता, पुलिस सुरक्षा और बस पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को मैदान की सफाई और मोबाइल टॉयलेट लगाने, जबकि जल संस्थान को पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के आदेश दिए। बच्चों को शहर दिखाने और क्वालिटी फूड पर जोर
बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रतियोगिता में आए बच्चों को बरेली के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। DM ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भोजन की गुणवत्ता जांचने और नगर निगम व विद्युत विभाग को अस्थायी पोल लगाकर बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि उद्घाटन और समापन कार्यक्रम भव्य और प्रेरणादायक हों। बैठक में रहे कई अधिकारी मौजूद
इस अवसर पर SP ट्रैफिक मो. अकमल खान, एआरटीओ, संयुक्त निदेशक शिक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। DM ने अंत में कहा-“यह आयोजन बरेली की प्रतिष्ठा से जुड़ा है, इसलिए हर विभाग जिम्मेदारी से काम करे।”