8 साल बाद खुलेगा JPNIC, खड़े होंगे वाहन:LDA ऑफिस के बाहर लगने वाले जाम से राहत, संचालन की तस्वीर अब भी साफ नहीं

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को एक बार फिर खोलने का फैसला लिया गया है। हालांकि, अभी इसका संचालन पूरी तरह से शुरू नहीं होगा, लेकिन तब तक सेंटर परिसर की खाली जगह को पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए परिसर में साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। JPNIC का संचालन बीते साल सरकार ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को सौंप दिया था। इसके बाद से LDA सेंटर को शुरू करने की तैयारी कर रहा है, लेकिन अधूरे निर्माण और बजट की कमी के कारण अब तक संचालन को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी है। 2017 में अधूरा रह गया था काम समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में समाजवादी चिंतक जय प्रकाश नारायण के नाम पर बनाए गए इस सेंटर का निर्माण वर्ष 2013 में शुरू हुआ था। साल 2017 में निर्माण पूरा होने से पहले ही काम बंद हो गया। उस समय फिनिशिंग समेत करीब 50 करोड़ रुपए का काम बाकी था। शासन से बजट न मिलने के कारण प्रोजेक्ट ठप हो गया और तभी से यह सेंटर बंद पड़ा है। बीते वर्षों में LDA ने कई बार इसे जहां है जैसे है की स्थिति में निजी कंपनी को देकर संचालन शुरू कराने की कोशिश की, लेकिन सभी प्रयास फाइलों तक ही सीमित रह गए। करीब 8 साल तक बंद पड़े रहने से यह भव्य सेंटर खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच गया। राजनीतिक विवादों में भी रहा केंद्र JPNIC अक्सर राजनीतिक विवादों के कारण चर्चा में रहा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जय प्रकाश नारायण की जयंती पर यहां आने को लेकर कई बार टकराव की स्थिति बनी। करीब 2 साल पहले इसे लेकर बड़ा हंगामा भी हुआ था। LDA वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि जब तक सेंटर का संचालन पूरी तरह शुरू नहीं होता, तब तक परिसर की खाली जगह को पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। LDA के गेट नंबर-2, चीनी निगम और पासपोर्ट ऑफिस की ओर बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। अब इन वाहनों को JPNIC परिसर में खड़ा कराया जाएगा, जिससे सड़क जाम की समस्या कम होगी।