मऊ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन विभागीय अनुशासन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसका उद्देश्य अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इसी क्रम में जनता की शिकायतों पर खरे न उतरने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में एक सिपाही पर पैसों की ठगी का आरोप लगने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, इटावा जनपद निवासी सिपाही गजेंद्र यादव का हाल ही में हाथरस से मऊ तबादला हुआ था। वह चार दिन पहले ही जिले में आया था और उसकी तैनाती मऊ पुलिस लाइन में की गई थी। आरोप है कि गजेंद्र यादव ने 20 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे कौशलानंद पांडेय, धीरज गोंड, लिफ्ट में कार्यरत हेमंत पाल, महेश सिंह और अजीत पांडेय से लगभग 83 हजार रुपये की ठगी की। इस घटना को लेकर पीड़ित कौशलानंद पांडेय ने 22 दिसंबर को सदर कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर सरायलखंसी थाना पुलिस ने आरोपी सिपाही गजेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।