पीलीभीत में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर ने अपनी ही 9 वर्षीय ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के आदेश पर किशोर सदन भेज दिया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना 21 जनवरी की शाम लगभग छह बजे हुई। पीड़िता की मां ने बताया कि उनके रिश्ते के जेठ का 15 वर्षीय पुत्र उनकी नौ वर्षीय बेटी को जबरन अपने घर ले गया। उस समय आरोपी घर पर अकेला था। एकांत का लाभ उठाकर किशोर ने मासूम के साथ दरिंदगी की। विरोध करने पर उसने बालिका को किसी से शिकायत न करने की धमकी दी और कहा कि यदि उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। घटना के बाद मासूम बालिका जब घर लौटी, तो वह गुमसुम और रो रही थी। मां ने बार-बार पूछने पर बालिका ने रोते हुए अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि मासूम की हालत गंभीर थी और उसे काफी रक्तस्राव हो रहा था। इसके तत्काल बाद, पिता और मां बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को जिला महिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। चूंकि आरोपी नाबालिग है, उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे किशोर सदन भेज दिया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज कराए जाएंगे और कानून सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।