वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही इलाके में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। तीन अज्ञात हमलावरों ने एक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जब पीड़ित छात्र चाय पीने के लिए अपने कमरे से बाहर निकला था। हमले की पूरी वारदात पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… बिना वजह तीन छात्रों ने दी गाली गलौज पीड़ित छात्र की पहचान प्रणव कुमार मिश्रा पुत्र जितेन्द्र कुमार मिश्रा, निवासी ग्राम पर्री याना बहादुरपुर, जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है। वर्तमान में वे हैदराबाद गेट (सुसुवाही) में रहकर पढाई कर रहा है । प्रणव मिश्रा ने बताया कि सुबह चाय की दुकान की ओर जाते समय तीन अज्ञात व्यक्तियों ने बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने विरोध किया, तो उन हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान पीड़ित को चोटें भी आईं और हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस सीसीटीवी का कर रहा जांच प्रणव मिश्रा पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पीड़ित का कहना है कि CCTV फुटेज में हमलावरों के चेहरे स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस को उनकी पहचान करने में मदद मिलेगी। थाना प्रभारी चितईपुर प्रवीण कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।