छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के सेंटर फॉर एकेडमिक में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्रह्मानंद कॉलेज द्वारा आयोजित ‘सतत विकास लक्ष्य (SDG) रणनीतियां और चुनौतियां’ विषय पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन के बाद, इससे संबंधित महत्वपूर्ण शोध पुस्तक और ‘सेमिनार प्रोसीडिंग’ का विमोचन किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा वित्त पोषित इस पुस्तक में दुनिया के सामने खड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर विशेषज्ञों के शोध पत्रों को संकलित किया गया है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने लेखकों और संपादकों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में सतत विकास की अवधारणा को केवल समझना ही काफी नहीं है, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के लिए सतत विकास लक्ष्यों (SDG) को प्राप्त करना ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस पुस्तक के संपादन में प्रो. ईशा यादव, प्रो. पंकज पांडेय और प्रो. दीप्ति शिखा ने मुख्य भूमिका निभाई है। पुस्तक की खासियत यह है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान प्रस्तुत किए गए उच्च स्तरीय शोध पत्रों को शामिल किया गया है। प्रो. पाठक ने संतोष व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज ऐसे गंभीर अकादमिक विषयों पर विमर्श कर रहे हैं, जो भविष्य में नए शोधार्थियों के लिए एक गाइड बुक (मार्गदर्शक) की तरह काम करेंगे। विमोचन के अवसर पर ब्रह्मानंद कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विवेक द्विवेदी और डायरेक्टर प्रो. आर.के. द्विवेदी भी मौजूद रहे। उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। इस कार्यक्रम में प्रो. नवनीत मिश्र, प्रो. रीता अवस्थी सहित कई वरिष्ठ प्राध्यापक और शिक्षाविद उपस्थित रहे, जिन्होंने इस अकादमिक प्रयास को शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।