अलीगढ़ में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने में देरी और जांच में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने दो दरोगा को निलंबित कर दिया है। 10 दिन पहले युवक घर से लापता हुआ था और बुधवार को उसके शव के टुकड़े तथा हड्डियां शेखा झील के पास मिलीं। इन अवशेषों को जंगली जानवर नोंच रहे थे, इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का आरोप है कि जब वे थाने पहुंचे तो दोनों दरोगा ने उनके साथ अभद्रता भी की। बुधवार को शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन गुरुवार को परिवार ने कपड़ों, चप्पलों और दांतों के आधार पर शव को अबनू का ही बताया। इसके बाद एसएसपी ने हरदुआगंज थाने में तैनात दरोगा सुरेंद्र कुमार और प्रशांत कुमार को सस्पेंड कर दिया। 10 दिन पहले लापता हुआ था युवक हरदुआगंज क्षेत्र के भूड़ नगरिया निवासी अबनू (33) तीन नवंबर को नौकरी संबंधी फार्म भरने के लिए रोजगार कार्यालय गया था। लौटते समय उसने अपनी पत्नी ज्योति को फोन कर शेखा झील पर बुलाया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसका फोन भी स्विच ऑफ था। परिवार ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन चौकी इंचार्ज ने उसे खोजने में लापरवाही की और 5 नवंबर को जाकर उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई। जानवर खा गए थे मांस, बरामद हुआ कंकाल अबनू के लापता होने के बाद परिजन लगातार तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना के दिन वह कई सीसीटीवी कैमरों में दिखा था, फिर भी पुलिस खोज नहीं सकी। बुधवार को शेखा झील के पास एक इंसानी कंकाल मिला। शरीर के अनेक हिस्से गायब थे और मांस को जंगली जानवर खा चुके थे। फिर भी चौकी इंचार्ज प्रशांत और दरोगा सुरेंद्र ने इसे मृतक का शव मानने से इनकार कर दिया और जांच को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। कपड़ों और दांतों से हुई पहचान गुरुवार को जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने टी-शर्ट, चप्पल और दांत देखकर कंकाल को अबनू का बताया। इसके बाद परिवार ने हत्या का आरोप लगाया और पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसएसपी का निरीक्षण, हत्या की धाराएं बढ़ीं कंकाल मिलने की सूचना पर एसएसपी नीरज जादौन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विधायक की मांग पर उन्होंने तत्काल दोनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया। पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाकर जांच तेज कर दी है। सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शव के अवशेषों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।