यूपी के प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा IPL नीलामी में सबसे महंगे ‘अनकैप्ड’ (इंटरनेशन मैच न खेला हो) खिलाड़ी बन गए हैं। 5 बार की IPL चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने दोनों को 14.2 करोड़ रुपए में खरीदा। दोनों का बेस प्राइज 30 लाख रुपए था। प्रशांत वीर अमेठी और कार्तिक शर्मा आगरा के रहने वाले हैं। प्रशांत वीर के पिता पहले शिक्षामित्र थे, अब खेती-किसानी करते हैं। अबू धाबी में जैसे ही बेटे की नीलामी शुरू हुई, पूरे परिवार की धड़कनें बढ़ गईं। पूरा गांव घर पर जमा था। बेस प्राइस 30 लाख से बोली शुरू हुई। जैसे ही बोली 1 करोड़ पर पहुंची, प्रशांत के घर पर जश्न मनना शुरू हो गया। इसके बाद जैसे-जैसे बोली बढ़ती गई, वैसे-वैसे जश्न भी बढ़ता गया। जब 14.2 करोड़ की फाइनल बोली लगी, तो लोग खुशी से झूम उठे। वहीं, आगरा में कार्तिक के घर पर भी जश्न मन रहा है। परिजन और आस-पड़ोस के लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी बांट रहे। रात की दावत की तैयारी चल रही है। नीलामी के बाद दैनिक भास्कर की टीम अमेठी और आगरा में दोनों क्रिकेटरों के घर पहुंची। वहां का माहौल समझा। पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट… पहले प्रशांत वीर के घर का हाल… अमेठी जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर संग्रामपुर ब्लॉक का गूजीपुर गांव का हैं। गांव के रामेंद्र त्रिपाठी पेशे से शिक्षा मित्र थे, अब वो खेती-किसानी करते हैं। प्रशांत अपने दो भाई, एक बहन में दूसरे नंबर पर हैं। बड़ी बहन निकिता की शादी हो चुकी है। उनके छोटे भाई का नाम आर्यवीर (17) है। भास्कर टीम जब प्रशांत वीर के घर पहुंची तो वहां पर जश्न का माहौल था। सबकी धड़कनें बोली लगने पर बढ़ने लगती थी। बोली 30 लाख से शुरू हुई, जब एक करोड़ पर पहुंची तो पहला जयकारा लगा। उसके बाद हर करोड़ पर जयकारे लगते रहे। आखिर में सीएसके ने प्रशांत को 14.2 करोड़ की बोली लगाकर खरीदा। जिसके बाद परिवार के लोग खुशी से झूम उठे। प्रशांत की मां अंजना त्रिपाठी ने पिता रामेंद्र त्रिपाठी को लड्डू खिलाकर बधाई दी। कैसे-कैसे रेट बढ़े, पढ़िए… प्रशांत वीर का बेस प्राइज 30 लाख रुपए था। उन्हें खरीदने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने सबसे पहले दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद मुंबई इंडियंस बिड वॉर में कूद पड़ी। एक करोड़ की बोली लगाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने भी प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई। इस बीच राजस्थान रॉयल्स भी इस होड़ में शामिल हो गई। सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ रुपए की बोली लगाकर सभी को चौंकाया, लेकिन सीएसके प्रशांत पर 14.2 करोड़ की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ने में कामयाब रही। पिता बोले- 10 साल से क्रिकेट का जुनून सवार था
पिता रामेंद्र ने बताया- प्रशांत वीर की शुरुआती पढ़ाई संग्रामपुर की भारद्वाज एकेडमी और केपीएस स्कूल से हुई। उसे 10 साल की उम्र से ही क्रिकेट का जुनून सवार था। चोरी छिपे वो गांव के लड़कों के साथ खेलने निकल जाता था। उसका इंटरेस्ट देखकर ही हमने उसे कभी नहीं रोका। वो हिम्मती है, मेच्योर है। 15 साल की उम्र में ही उसे सहारनपुर खेलने के लिए भेज दिया था। उसके बाद अमेठी में ही भीमराव अंबेडकर स्टेडियम के क्रिकेट कोच गालिब अंसारी से उसने क्रिकेट के टिप्स लेने शुरू किए। वो उसके कोच बन गए। अच्छा खेला तो स्पोर्ट्स हॉस्टल मैनपुरी में उसका सिलेक्शन हो गया। मैनपुरी में ही रहकर उसने 10वीं की परीक्षा पास की। हाई स्कूल के बाद वो सहारनपुर चला गया। वहीं से इंटरमीडिएट किया। अब उसे IPL में खेलते देखना सिर्फ मेरे लिए ही नहीं बल्कि, पूरे अमेठी के लिए गर्व की बात होगी। चाचा बोले- प्रशांत को कभी गुस्से में नहीं देखा
प्रशांत के चाचा सचिन त्रिपाठी पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने कहा कि वो होनहार है। कभी गुस्से में उसे नहीं देखा। वो कभी हार्ड वर्क से पीछे नहीं हटा। मेरे भाई ने स्पेशली भतीजे के लिए गाय खरीदी थी। उसे 2- 2 लीटर दूध पिलाया। आज उसका ही नतीजा है कि वो अपने मुकाम पर पहुंच गया है। अब कार्तिक शर्मा की बात… आईपीएल 2026 मिनी नीलामी में विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख बेस प्राइज से 47 गुना दाम बढ़ाकर खरीदा है। कार्तिक आगरा के बोदला के रहने वाले हैं। हालांकि, वो बाद में राजस्थान के भरतपुर में जाकर रहने लगे। पहली बोली में ही खरीदार मिलने से कार्तिक की किस्मत चमक उठी। पिछले सीजन की सूची में कार्तिक का नाम सबसे आखिरी में था। इस वजह से वो बोली में शामिल नहीं हो सके थे। लेकिन की बोली लगने के बाद वो अनकेप्ड खिलाड़ियों की सबसे महंगी जोड़ी में शामिल हो गए। राजस्थान की टीम में विकेटकीपर
कार्तिक शर्मा राजस्थान क्रिकेट टीम में विकेटकीपर हैं। वह पहली बार आईपीएल में खेलेंगे। कार्तिक ने घरेलू व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी जबरदस्त लोअर ऑर्डर हिटिंग से सबका ध्यान खींचा है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी लीग स्टेज के पांच मैचों में 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 133 रन बनाए। अपने 12 मैचों के छोटे टी-20 करियर में कार्तिक ने लगातार 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। घर की 2 तस्वीरें… पिता ने बेटे की प्रैक्टिस के लिए छोड़ी थी नौकरी
कार्तिक शर्मा के पुश्तैनी घर में खुशी का माहौल है। यहां उनके दादी-बाबा और ताऊ का परिवार रहता है। उनके घर पर मिठाइयां बांटी जा रही हैं, दावत की तैयारी शुरू हो चुकी है। परिवार के लोग एक दूसरे को मिठाई खिला रहे है। घर पर बधाई देने के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है। कार्तिक के पिता मनोज शर्मा प्राइवेट टीचर थेस लेकिन बेटे की प्रैक्टिस से चलते नौकरी छोड़ दी थी। आगरा में रहकर उसे प्रैक्टिस कराते थे। फोन पर बातचीत में कार्तिक के पिता मनोज शर्मा ने दैनिक भास्कर से कहा- बेटे के आईपीएल में सलेक्शन को लेकर बहुत खुश हूं। मैं टीवी पर ऑक्शन देख रहा था। मुझे उम्मीद थी कि कम से कम 10 करोड़ रुपए तक बोली लगेगी, लेकिन 14 करोड़ रुपए तक बोली जाने से बहुत खुश हूं। मुझे लग रहा है कि बेटे पर जो मेहनत की है, वो अब सफल होती दिख रही है। पिता ने कहा कि कार्तिक जब ढाई साल का था, तब से उसे क्रिकेट का शौक था। उसको प्रैक्टिस शुरू कराई। मैं खुद मीडियम पेसर था, लेकिन इंजरी के चलते आगे खेल नहीं पाया। इसलिए सोचा था कि अपने बच्चे को क्रिकेटर बनाउंगा। मैंने पहले उसे भरतपुर में प्रैक्टिस कराई। इसके बाद आगरा में क्रिकेटर दीपक चाहर और राहुल चाहर की एकेडमी में उसे ले आए। यहां पर रहकर ही बेटे को क्रिकेट खिलाया। कोच लोकेंद्र सिंह चाहर ने उसे ग्रूम किया। पहले बॉलर बनाना चाहते थे
पिता मनोज शर्मा ने बताया कि वो बेटे को अपनी तरह पेस बॉलर बनाना चाहते थे। दो साल उसे बालिंग कराई, लेकिन उसका एक्शन और बालिंग सही नहीं जा रही थी। इसके बाद उसे विकेट कीपर बल्लेबाज के रूप में तैयार किया। उन्हें बेटे के सीएसके में जाने पर खुशी है। महेंद्र सिंह धोनी भी विकेट कीपर बल्लेबाज हैं। ऐसे में उससे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। अब पढ़िए बोली में कैसे CSK ने खरीदा मंगलवार को जब ऑक्शन में कार्तिक शर्मा के नाम को पुकारा गया तो उसमें सबसे पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी दिलचस्पी दिखाई, जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स भी शामिल हो गई। कोलकाता नाइट राइडर्स के आने से लगातार बोली बढ़ती गई और उसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की भी एंट्री देखने को मिली। आखिर में सीएसके और हैदराबाद लगातार कार्तिक को अपना हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहे थे, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपए की बोली लगाने के साथ ही उन्हें अपनी टीम का हिस्सा अगले सीजन के लिए बना लिया। ———————- ये खबर भी पढ़ें… IPL ऑक्शन-प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा ₹14.20-14.20 करोड़ में बिके:दोनों को CSK ने बेस प्राइस से 47 गुना ज्यादा कीमत में खरीदा; ग्रीन सबसे महंगे विदेशी ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें मंगलवार को अबु धाबी में चल रहे मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा। ग्रीन ने अपने ही देश के मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्हें 2024 में KKR ने ही 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। ऋषभ पंत (27 करोड़) इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। पूरी खबर पढ़ें