जालौन में शादी को लेकर सड़क पर ड्रामा करने वाले जेई और उसकी प्रेमिका का विवाद सुलझ गया है। रविवार देर रात कोतवाली में दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने लिखकर दिया है कि सोमवार को रिंग सेरेमनी करेंगे और छह महीने बाद शादी करेंगे। दरअसल, रविवार को दोनों रेस्टोरेंट से खाना खाकर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में शादी को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो युवक ने बीच रास्ते में बाइक रोककर युवती को उतार दिया और खुद जाने लगा। युवती बीच सड़क पर बैठकर रोने लगी और सुसाइड करने की धमकी देने लगी। करीब दो घंटे तक दोनों के बीच बहस चलती रही। कभी युवक झुंझलाता, तो कभी गले लगाकर उसे शांत कराता रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। दोनों परिवारों को बुलाकर छह घंटे तक समझौता कराया गया। देर रात दोनों पक्ष राजी हो गए। इंस्पेक्टर हरि बाबू ने बताया, ‘जेई और उसकी प्रेमिका चार साल से रिलेशन में हैं। पिछले साल युवक की जेई के पद पर नौकरी लगी थी। इसके बाद से वह प्रेमिका से शादी करने के लिए राजी नहीं हो रहा था। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।’ जानिए पूरा मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा निवासी राजकिशोर की मोहल्ले में किराने की दुकान है। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा लखनऊ में रहता है, जबकि छोटा बेटा अजय गौतम (24) की 15 दिसंबर 2024 को बाढ़ परियोजना विभाग में जेई पद पर नियुक्ति हुई थी। अजय का कुठौंद थाना क्षेत्र निवासी मुस्कान (22) से चार साल से प्रेम संबंध था। दोनों परिवार शादी के लिए सहमत थे, लेकिन तारीख तय नहीं हो पा रही थी। नौकरी लगने के बाद अजय शादी को लेकर टालमटोल करने लगा। करीब एक साल पहले भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था, जो उरई के सीओ तक पहुंचा था। उस समय अजय के परिजनों ने कहा था कि पहले उसकी बहन की शादी होगी, फिर अजय का विवाह किया जाएगा। हालांकि एक साल बीत जाने के बाद भी शादी नहीं हुई। इससे नाराज मुस्कान ने अजय को मिलने के बहाने उरई बुलाया। बीच सड़क दो घंटे चला ड्रामा मुस्कान-अजय ने रेस्टोरेंट में खाना खाया और बाहर निकले। जब बाइक पर जाने लगे तो मुस्कान ने शादी की बात छेड़ी, जिस पर अजय ने बात टाल दी। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि मुस्कान बीच सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगी। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। अजय ने उसे शांत कराने की कोशिश की, गले लगाया, लेकिन वह नहीं मानी। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। थाने में दोनों के परिजनों को बुलाया गया। शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक बातचीत चली। अंत में दोनों पक्षों ने लिखित समझौता किया कि सोमवार शाम को सगाई होगी और छह महीने बाद शादी की जाएगी। ————————— ये खबर भी पढ़ें… झांसी यूनिवर्सिटी के सामने MBA छात्रा को गोली मारी:फिर खुद जान दी; आज के ही दिन 7 साल पहले शुरू हुई थी लव स्टोरी झांसी में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे एक शादीशुदा युवक ने MBA की छात्रा को गोली मार दी। फिर युवक ने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर किया। गोली कनपटी को चीरते हुए आर-पार हो गई। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि लड़की की हालत नाजुक है। पढ़ें पूरी खबर…