जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से लखनऊ तक अभियान चलाकर 2900kg विस्फोटक (संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट) जब्त किया है। इस कार्रवाई में फरीदाबाद से डॉक्टर मुजम्मिल शकील और लखनऊ से महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया गया है। मुजम्मिल शकील के कमरे से रविवार को 360 किलो विस्फोटक और असाल्ट राइफल पकड़ी गई। सोमवार को शाहीन की कार से कश्मीर में AK-47 राइफल और जिंदा कारतूस और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है। डॉक्टर मुजम्मिल फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था। यह पुलवामा के कोइल का रहने वाला है। डॉक्टर शाहीन उसकी गर्लफ्रेंड है। मुजम्मिल, डॉक्टर शाहीन की कार इस्तेमाल करता था। उसने फरीदाबाद के धौज गांव में 3 महीने पहले किराए पर कमरा लिया था। वह यहां रहता नहीं था, केवल सामान रखने के लिए कमरा लिया था। इससे पहले 7 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर (यूपी) से डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। वह अनंतनाग का रहने वाला है। आदिल अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में प्रैक्टिस करता था। उसने 2024 में वहां से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह सहारनपुर में प्रैक्टिस करने लगा। जम्मू कश्मीर पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आतंकियों के कब्जे से अब तक कुल 2900 किलो IED बनाने की सामग्री बरामद की गई है। यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसर गजवात-उल-हिंद (AGuH) जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम करते थे और सोशल मीडिया व एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देते थे। पुलिस कमिश्नर बोले- 9 नवंबर को छापा मार विस्फोटक जब्त किया फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से हरियाणा और JK पुलिस का एक जॉइंट ऑपरेशन जारी था। वह अब भी चल रहा है। इसके अंतर्गत एंटी टेरर मॉड्यूल पर काम करते हुए दोनों राज्यों की पुलिस ने फरीदाबाद से एक एक्टिविस्ट को पकड़ा था, जिसका नाम डॉक्टर मुजम्मिल शकील है। इसके बाद रविवार को मुजम्मिल के कमरे में रेड की गई। मौके से टेरर एक्टिविटी में शामिल होने वाला सामान जैसे 20 टाइमर्स, बैटरी और अन्य सामान बरामद किया गया है। फायरआर्म्स में एक असॉल्ट राइफल, 3 मैगजीन, 83 कारतूस, एक पिस्टल और उसके 8 राउंड कारतूस, 2 खाली कारतूस और 2 एडिशनल मैगजीन बरामद की गई हैं। नेशनल सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए अभी ऑपरेशन की ज्यादा डिटेल नहीं दी जा सकती, क्योंकि अभी ऑपरेशन जारी है। इसमें सहारनपुर से भी एक गिरफ्तारी हुई है, जिससे पता चलता है कि यह एक बड़ा टेररिस्ट मॉड्यूल हो सकता है। हथियार यहां तक कैसे पहुंचे और कौन लेकर आया, इसके बारे में अभी जांच जारी है। ACP बोले- 8 महीने पहले लिया था घर
फरीदाबाद के ACP क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि डॉ. शकील ने लगभग 8 महीने पहले फतेहपुर तगा में इमाम से एक घर किराए पर लिया था। पुलिस को आरोपियों द्वारा किराए पर लिए गए दो घरों का पता चला है। मौलवी की संपत्ति से अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है। पुलिस मौलाना इस्ताक से पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी और जानकारी देना जल्दबाजी होगी। अमोनियम नाइट्रेट की खेप डॉक्टर को उसकी गिरफ्तारी से लगभग 15 दिन पहले भेजी गई थी। इसका उद्देश्य एक बड़े आतंकी षड्यंत्र के तहत IED असेंबल करना था। जीडी बख्शी बोले- पाकिस्तान युद्ध की तैयारी कर रहा
रिटायर्ड मेजर जनरल जीडी बख्शी का कहना है कि पाकिस्तान युद्ध की तैयारी कर रहा है। सरकार और भारतीय सेना को इसका जवाब युद्ध से ही देना चाहिए। इतना विस्फोटक पदार्थ दिल्ली को तबाह करने के लिए काफी है। दिल्ली के आसपास के बड़े शहर जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद भी खतरे में हो सकते हैं। पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दें… UAPA के तहत केस दर्ज
डॉ. आदिल से पूछताछ की जा रही है। गैर-कानूनी गतिविधि (निरोधक) कानून (UAPA) के तहत केस दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर के पास से इस तरह के हथियार की बरामदगी आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्तता मानी जा सकती है। इंडियन आर्म्स एक्ट 1959 के मुताबिक बिना लाइसेंस के आधुनिक/प्रोहिबिटेड हथियार रखने पर सख्त सजा का प्रावधान है। ——————– आतंकियों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… लखनऊ की महिला डॉक्टर आतंकी कनेक्शन में गिरफ्तार:जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लालबाग से दबोचा, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी थी लखनऊ की एक महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को आतंकी मॉड्यूल के कनेक्शन में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। शाहीन पर पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से जुड़े होने के आरोप हैं। फिलहाल उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें… गुजरात एटीएस ने ISIS के तीन आतंकी पकड़े, देश में कई जगह हमले करने की प्लानिंग कर रहे थे गुजरात एटीएस ने आतंकी गतिविधियों में शामिल तीन लोगों को अहमदाबाद के अडालज से गिरफ्तार किया है। एटीएस टीम पिछले कुछ दिनों से इन पर नजर रख रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एटीएस ने रविवार सुबह तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि तीनों आईएसआईएस के लिए काम कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…