KGMU अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। शोध को नई ऊंचाइयां और मजबूती प्रदान करने के लिए KGMU प्रशासन ने अहम कदम बढ़ाया है। KGMU और कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ मैनिटोबा के बीच गुरुवार को करार हुआ। ब्राउन हॉल में भव्य कार्यक्रम हुआ। कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने कहा- हालिया अंतरराष्ट्रीय साझेदारी से विश्वविद्यालय को चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए आयाम मिलेंगे। इससे न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ेगी, बल्कि छात्रों और शिक्षकों को भी वैश्विक अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि करार के तहत KGMU के विद्यार्थी विदेशी संस्थानों के साथ शैक्षणिक आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और शोध कार्य में भाग ले सकेंगे। वहीं शिक्षकों को भी संयुक्त शोध परियोजनाओं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने काम को प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। इनोवेशन पर रहेगा फोकस कुलपति ने भरोसा जताया कि यह पहल विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण की दिशा में अहम साबित होगी। इससे उच्च गुणवत्ता वाले शोध को बढ़ावा मिलेगा और नई तकनीकों व आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि KGMU का लक्ष्य चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता हासिल करना है। यह समझौता उस दिशा में एक मजबूत कदम है।