KGMU में मजार के बगल फिर हुआ अवैध कब्जा:छुट्टी के दौरान जबरन लगाई बल्लियां, प्रॉक्टर ने कानूनी कार्रवाई के लिए लिखा पत्र

KGMU नेत्र रोग विभाग के पीछे स्थित मजार के चारों तरफ दोबारा बैरिकेडिंग लगाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। होली में छुट्टी के दौरान अज्ञात लोगों ने अवैध बैरिकैडिंग लगाई गई। गुरुवार को जब KGMU खुला। तो मजार के चारो तरफ अवैध बैरिकैडिंग देखी। KGMU प्रशासन सकते में आ गया। आनन-फानन KGMU प्रशासन ने चौक पुलिस को पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अचानक हुआ अतिक्रमण, लगाई गईं बैरिकेडिंग KGMU के गेट नंबर-एक के पास नेत्र विभाग है। विभाग के पीछे मजार है। इस मजार के चारो तरफ अवैध कब्जा था। दर्जनों की संख्या में अवैध दुकाने संचालित हो रही थी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने मजार को छोड़कर बाकी स्थान से अतिक्रमण हटाया था। पांच मार्च को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मजार के चारों ओर फिर से बांस और बल्लियां लगा दी। अवैध रूप से बैरिकेडिंग कर दी गई। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई न्यायालय के आदेश की मंशा के विपरीत है। इससे दोबारा अतिक्रमण की स्थिति बन रही है। माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी को लिखा पत्र अवैध बैरिकैडिंग की खबर मिलते ही आनन-फानन KGMU प्रशासन मौके पर पहुंचे। मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई। इस दौरान वहां कोई भी नजर नहीं आया। फिर कार्यवाहक प्रॉक्टर डॉ. रीमा कुमारी ने चौक थाना प्रभारी को पत्र भेजकर पूरी स्थिति से अवगत कराया। अवैध बैरिकैडिंग हटाने को कहा है। साथ ही पत्र की प्रतिलिपि कुलसचिव, जनरल सर्जरी विभाग के नोडल अधिकारी, पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों को भी भेजी। अधिकारियों का कहना है कि अवैध बैरिकेडिंग के कारण मजार के आस-पास अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है। भविष्य में यह समस्या और बढ़ सकती है।