LDA का नीलकंठ प्रॉपर्टीज पर बुलडोजर चला:लखनऊ में 4 बीघा में अवैध प्लाटिंग तोड़ी, नियम तोड़ने वालों को चेतावनी दी

लखनऊ विकास प्राधिकरण की अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को जानकीपुरम विस्तार में नीलकंठ प्रॉपर्टीज की अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला। इस दौरान अवैध रूप से विकसित की गई सड़क, नाली, बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया गया। प्रवर्तन जोन- 5 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया- नीलकंठ प्रॉपर्टीज, शत्रुघन और अन्य द्वारा जानकीपुरम विस्तार के ग्राम-तिवारीपुर में लगभग4 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। 2 तस्वीरें देखिए… अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश दिए गये थे। जिसके पालन में प्रवर्तन जोन 5 की टीम ने स्थल पर कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया- अवैध संपत्तियों के खिलाफ प्राधिकरण कि कार्रवाई निरंतर चलती रहेगी। किसी भी व्यक्ति को नियमों को ताख रखकर निर्माण करने की अनुमति नहीं मिलेगी। प्लाटिंग करना हो या निर्माण इन सभी कामों के लिए प्राधिकरण के नियमों का पालन करना जरूरी होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।