MBA छात्रा को गोली मारने से पहले नूडल-बर्गर खाया:झांसी के रेस्टोरेंट में रील बनाई, 1.45 घंटे तक दोनों वहां रहे

झांसी बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने बॉयफ्रेंड ने 7 साल पुरानी गर्लफ्रेंड को गोली मार दी। फिर खुद भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। रेस्टोरेंट हवाना में पहुंचने के बाद दोनों खुश थे। मर्डर से पहले मनीष ने हक्का नूडल, बर्गर और फ्रेंच फ्राई मंगवाई। उसने 604 रुपए का बिल भी पेमेंट किया। फिर करीब 1.45 घंटे तक दोनों रेस्टोरेंट की लॉबी में रील्स बनाते रहे। कभी गार्ड से फोटो खींचने को कहते, कभी मनीष कृतिका की तस्वीरें खींचता दिखा। इसके बाद दोनों बाइक पर बैठकर बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने आ गए। भोपाल के प्राइवेट हॉस्पिटल में कृतिका की हालत नाजुक बनी हुई है। हॉस्पिटल ने मेडिकल बुलेटिन में बताया- गोली का एक टुकड़ा कृतिका की रीढ़ की हड्डी में फंसा हुआ है, डॉक्टर उसका ऑपरेशन करके टुकड़ा हटाएंगे। इसके बाद कृतिका की स्थिति क्लियर हो सकेगी। मनीष ने कृतिका को बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से 50 मीटर दूर गोली मारी थी। दैनिक भास्कर टीम ग्राउंड जीरो पर पहुंची। यहां दुकानदारों से बात करके सामने आया कि मर्डर से पहले यहीं फुटपाथ पर बैठकर दोनों करीब 1 घंटे तक हंस-हंसकर बातचीत करते रहे। उन्होंने स्ट्रीट फूड वाले से सैंडविच खरीदी और वहीं बैठकर खाते रहे। किसी को लगा ही नहीं कि मनीष ऐसा कुछ कर सकता है। यहां आने से पहले दोनों 3Km दूर हवाना रेस्टोरेंट में मिले थे। मनीष यहां पर कृतिका को शादी करने के लिए मनाता रहा, मगर कृतिका बीते कल को पीछे छोड़ चुकी थी। होटल मालिक और दुकानदार ने क्या बताया, रिपोर्ट में पढ़िए… चश्मदीद बोले- दोनों हंस रहे थे, लगा नहीं कि मार डालेगा
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने रोड के दूसरी ओर मनीष साहू ने कृतिका चौबे (22) को गोली मारी थी। ये घटना 9 नवंबर की दोपहर 2.15 बजे हुई। वारदात के समय सामने की दुकान पर एक युवक रोहित मौजूद था। रोहित बताते हैं- यूनिवर्सिटी करीब है, इसलिए लड़के-लड़कियां यहां आते रहते हैं। हर किसी पर हम लोग ध्यान नहीं देते हैं। मगर वो दोनों 1 घंटे तक यहीं फुटपाथ पर टहल-टहलकर बात करते रहे। कभी फुटपाथ की पट्टी पर बैठकर झगड़ने लगते। फिर लड़का-लड़की को मना लेता। दोनों फिर हंसने लगते। वो दोनों यहां से निकलने की तैयारी में थे। लगा ही नहीं कि ऐसा कुछ होगा। लेकिन इसी बीच अचानक लड़के ने तमंचा निकालकर लड़की को गोली मार दी। धमाके की आवाज सुनकर हम लोग चौंक गए। देखा तो दोनों लहूलुहान जमीन पर गिरे थे। फिर भीड़ जुट गई। हम लोग डर चुके थे, दुकान बंद करके फिर यहां से चले गए। दुकान मालिक बोले- करीब के ढाबे से दोनों ने सैंडविच मंगवाया
हम क्राइम स्पॉट के पास एक और दुकान पर पहुंचे। यहां दुकान मालिक राजेश बैठे मिले। हत्या और सुसाइड के इस मामले के वो भी चश्मदीद थे। राजेश कहते हैं- दोनों मेरी दुकान के सामने से निकले, तब वो आपस में किसी बात को लेकर बहस कर रहे थे। 20 कदम दूर जाकर फुटपाथ पर बनी पट्‌टी पर बैठ गए। फिर उन्होंने करीब के ढाबे से सैंडविच मंगवाकर खाया। थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज आई। तब समझ में नहीं आया कि हुआ क्या है। पहले हमें लगा कि यूनिवर्सिटी के छात्रों के गुट भिड़ गए होंगे। मगर देखा कि लड़की जमीन पर गिर गई थी। लोग चिल्लाते हुए भाग रहे थे। मगर युवक ने समय नहीं दिया और खुद को गोली मार ली। भीड़ जमा होते ही पुलिस भी आ गई। पुलिस दोनों को उठाकर मेडिकल कॉलेज ले गई। हवाना रेस्टोरेंट खाना खाया, फोटो शूट कराए
हवाना रेस्टोरेंट में मनीष और कृतिका पहुंचे थे। यहां खाना खाया। साथ ही पैक भी करवाया। फिर बाहर आने के बाद फोटो शूट भी कराए। वहां की CCTV में जो दिखा, वो भी जानिए… 7 साल के लव अफेयर में जान ली, फिर किया सुसाइड
कृतिका के मर्डर और मनीष साहू के सुसाइड के पीछे 7 साल पुराना लव अफेयर सामने आया। एक साल पहले मनीष ने परिवार के दबाव में शादी कर ली थी। इससे कृतिका खफा हो गई और मनीष से दूरी बना ली। इसके चलते मनीष ने शादी के दो महीने बाद ही पत्नी से नाता तोड़ लिया। पंचायत के बाद पिता ने भी मनीष को बेदखल कर दिया था। मगर वो कृतिका से शादी करने पर अड़ा हुआ था। दूसरी तरफ कृतिका अब इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी। उसने मनीष का नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इससे वह डिप्रेशन में चला गया और कृतिका के हॉस्टल के आसपास घूमने लगा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मनीष पूरी तैयारी से आया था। उसके पास 2 ही रास्ते थे। पहला- कृतिका मान जाए, तो दोनों शादी कर लें। दूसरा- कृतिका नहीं माने, तो उसको मार डाले। 9 नवंबर को मनीष पूरी प्लानिंग के साथ झांसी पहुंचा। उसने आखिरी बार मिलने के बहाने कृतिका को बुलाया। दोनों हवाना रेस्टोरेंट गए, जहां मनीष ने उसे मनाने की कोशिश की। वहां से दोनों यूनिवर्सिटी गेट की ओर आए। मान-मनौव्वल के बीच जब मनीष ने खुद को नाकाम पाया तो उसने कृतिका के सीने पर गोली मार दी। जबकि ये पब्लिक प्लेस था, इसलिए उसने तुरंत तमंचे में दूसरी गोली भरी और खुद पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने जब दोनों के परिवारों से बात की। तो सामने आया कि इससे पहले मनीष और कृतिका झांसी में मिलने के लिए दीपावली से पहले आए थे। तब कृतिका ने मनीष को बता दिया था- अब हमारी आगे से बात नहीं होगी। तुम भले ही अपनी पत्नी को छोड़ रहे हो, मगर मैं तुमसे शादी नहीं कर सकती। मगर मनीष उसे बार-बार फोन करके आखिरी बार मिलने के लिए बुला रहा था। पुलिस को कृतिका के मोबाइल में मनीष के नंबर से लगातार कॉलिंग मिली है। कृतिका के दोस्तों से एक बात और सामने आई है कि एक दिन क्लास में कृतिका फोन लगातार बज रहा था, वो फोन नहीं उठा रही थी। अचानक कृतिका झल्ला गई, उसने फोन उठाया और बुरी तरह से डांट दिया, यहां तक कहा कि अगर अब फोन किया तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। बाद में पता चला कि ये कॉल मनीष ही कर रहा था। 7 नवंबर को मनीष ने फिर कृतिका को कॉल करके कहा- मैं अब दिल्ली जा रहा हूं। तुम्हें कभी परेशान नहीं करूंगा। अब हमारे रास्ते अलग-अलग होंगे। मगर उससे पहले एक बार मिल लेते हैं। इस वजह से कृतिका मिलने के लिए राजी हो गई। दोनों के बीच मुलाकात के लिए कॉलेज की छुट्‌टी वाला दिन 9 नवंबर रविवार को तय हुआ। आखिरी रील वायरल, पहले दिल, बाद में घर जल गया वारदात से दो घंटे पहले कृतिका चौबे नाम की फेसबुक आईडी से एक रील पोस्ट की गई। 44 सेकेंड की रील में कृतिका और मनीष नजर आ रहे हैं। यह रील तमाम वीडियो मिक्स करके बनाई गई। इसमें गाना लगाया गया, “मोड़ पे आखिरी मैं रह गया, मैंने कोशिश बहुत की बचा लूं मगर, पहले दिल बाद में घर जल गया…” रील के कैप्शन में लिखा गया, “आज ही के दिन इस रिश्ते को सात साल हुए।” इसके साथ ही लिखा था, “अगर सच्चा प्यार करो तो निभाओ, धोखा मत दो।” यह रील वायरल हो गई, जिसे 43 हजार लोग देख चुके हैं। रील अपलोड होते ही फेसबुक प्रोफाइल पर दोनों की एक साथ की तस्वीर भी लगा दी गई। पुलिस की छानबीन में यह साफ नहीं हुआ कि कृतिका चौबे की आईडी से यह रील अपलोड किसने की। कृतिका चौबे नाम की फेसबुक आईडी पर 9.7 हजार फॉलोअर थे। प्रेमी के पिता का एक हाथ नहीं, भाई की मौत हो चुकी मनीष के पिता बिहारी लाल ने बताया- 8 साल पहले सड़क हादसे में मेरा एक हाथ कट गया था। मैं पुताई का काम करता हूं, उसी से घर चलता है। मेरी एक बेटी और दो बेटे थे। बड़े बेटा महेंद्र की कोरोना काल में मौत हो गई थी। तब उसकी 8 महीने की बेटी थी, जो अब 5 साल की हो चुकी है। महेंद्र की पत्नी ने दूसरी शादी कर ली। पोती को हम लोग पाल रहे थे। अब छोटा बेटा मनीष ही सहारा था। मगर उसकी हरकतों से हम लोग परेशान हो चुके थे। जब उसने शादी तोड़ी तो उसने बात करना बंद कर दी थी। ………………..
ये भी पढ़ें – MBA छात्रा के प्यार में पत्नी को छोड़ा:शादी को राजी नहीं हुई तो मिलने बुलाया, झांसी में प्रेमिका को गोली मारकर जान दी झांसी में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने MBA की छात्रा कृतिका चौबे को गोली मारने के बाद सुसाइड करने वाला मनीष साहू प्यार में पागल था। दोनों के बीच 7 साल से अफेयर था। एक साल पहले मनीष ने परिवार के दबाव में शादी कर ली थी। इससे कृतिका खफा हो गई और उससे दूरी बना ली। इसके चलते मनीष ने शादी के दो महीने बाद ही पत्नी से नाता तोड़ लिया, लेकिन कृतिका उससे बात और शादी करने को तैयार नहीं हुई। उसने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इससे वह डिप्रेशन में चला गया और हॉस्टल के आसपास घूमने लगा। पढ़िए पूरी खबर…