NDA की जीत पर कानपुर में आतिशबाजी हुई:भाजपा कार्यालय के बाहर जमकर डांस किया, एक दूसरे को खिलाई गई मिठाई

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत के बाद कानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहर के नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में शुक्रवार दोपहर से ही जश्न का माहौल देखने को मिला। जैसे ही चुनाव परिणाम स्पष्ट होने शुरू हुए, कार्यकर्ताओं की टोलियां पार्टी कार्यालय पहुंचने लगीं। सबसे पहले एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई गईं, इसके बाद सड़क पर जमकर आतिशबाजी की गई। “जय भाजपा, जय एनडीए” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बिहार की जनता का आभार वक्त किया भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिणाम इस बात का संकेत हैं कि जनता विकास, रोजगार और सुशासन चाहती है। एनडीए सरकार ने पिछले वर्षों में जो काम किए, जनता ने उस पर भरोसा जताया है और एक बार फिर गठबंधन को बड़ी जीत दिलाई। बिहार की जनता की है ये जीत
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि यह जीत बिहार की जनता की बुद्धिमत्ता और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता ने सभी विकल्पों को देखने के बाद एनडीए पर भरोसा जताया है। अब हमारा दायित्व है कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। यह जीत केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है।” जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि चुनाव परिणाम साबित करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और बिहार भी अब उसी मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह दिखाता है कि संगठन कितना मजबूत और सक्रिय है। इस मौके पर सुरेश अवस्थी, रवींद्र पाटनी, विकास जायसवाल, मुनेंद्र सिंह राजपूत, युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, पूनम कपूर, अनीता गुप्ता, नवाब सिंह, दीपू पांडेय, संतोष शुक्ला, रोहित साहू, पार्षद विधि राजपाल, सचिन शुक्ला, राजू शर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।