प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने बुधवार को अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जोन-02, उपजोन-2सी क्षेत्र में लगभग 30 बीघा भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई शहर में अनियंत्रित निर्माण पर रोक लगाने के लिए की गई। जोनल अधिकारी के नेतृत्व में पहली कार्रवाई ग्राम सैदपुर खास में हुई। यहां आरिफ, फारुख, फैमी और इरफानुल्ला द्वारा बरसतूही जाने वाले मार्ग के समीप लगभग 20 बीघा भूमि में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दूसरी कार्रवाई ग्राम करेहदा में की गई, जहां मोहम्मद जिशान, शफात, नफीस और अन्य लोगों द्वारा करेहदा चौराहा से आगे लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की गई थी। पीडीए की टीम ने मौके पर बुलडोजर चलाकर सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में जोनल अधिकारी के साथ अवर अभियंता, सुपरवाइजर, पीडीओ और थाना करेली की पुलिस टीम भी शामिल थी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। जोनल अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देश पर की गई है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में किसी भी प्रकार की अवैध प्लॉटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमोदन के भूमि विभाजन या निर्माण कार्य न करे, अन्यथा विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।