PM मोदी अयोध्या में 25 नवंबर को रोड शो करेंगे:राम मंदिर के ऊपर मंडराया सेना का हेलिकॉप्टर; दुल्हन जैसी सजी रामनगरी

अयोध्या एक बार फिर अपने भव्य और ऐतिहासिक उत्सव के लिए तैयार है। 25 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराएंगे। PM मोदी का साकेत महाविद्यालय में हेलिकॉप्टर लैंड करेगा। यहां से वे रोड शो करते हुए राम मंदिर के शंकराचार्य प्रवेश द्वार तक जाएंगे। करीब ढाई किमी लंबे इस रूट पर अवध विश्वविद्यालय और साकेत महाविद्यालय के करीब 1000 स्टूडेंट दोनों ओर खड़े रहेंगे। पुष्प वर्षा कर मोदी उनका स्वागत करेंगे। करीब सात जगहों पर मंच बनाए गए हैं, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पीएम मोदी हनुमानगढ़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर में दर्शन के बाद वे रामलला और राम दरबार में आरती करेंगे। ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री सप्त मंदिर परकोटा और शेषावतार मंदिर भी देख सकते हैं। ध्वज निर्माण करने वाले कश्यप मेवाड़ से भी उनकी मुलाकात की संभावना है। एक दिन पहले अयोध्या पहुंचेंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत एक दिन पहले ही अयोध्या पहुंच जाएंगे और वे भी हनुमानगढ़ी व राम मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद समारोह में शामिल होंगे। ध्वजारोहण समारोह से पहले शहर सुरक्षा के अभेद्य घेरे में बदल गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई-अलर्ट पर हैं। रविवार को भारतीय सेना का हेलिकॉप्टर करीब 20 मिनट तक अयोध्या के आसमान में मंडराता रहा। हेलिकॉप्टर ने राम जन्मभूमि परिसर और आसपास के इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। फूलों, झालरों और रोशनी से सजी अयोध्या अयोध्या को पीएम के आगमन और ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले दिव्य रूप देने के लिए शहर को कई स्तरों पर सजाया जा रहा है। राम पथ समेत मुख्य सड़कों पर नारंगी और पीले गेंदे की फूल-मालाएं लैंप पोस्ट पर लपेटी गई हैं, जबकि राम कथा पार्क में भगवान राम के धनुष-बाण और हनुमान जैसे विशाल पुष्प-पैटर्न तैयार किए जा रहे हैं। सजावट के लिए गेंदा, गुलदाउदी, ऑर्किड और गुलाब जैसे फूलों के साथ लगभग 300 क्विंटल फूल विभिन्न शहरों से मंगाए गए हैं। सड़कों पर सूर्य स्तंभ और धार्मिक प्रतीकों वाले सजावटी लैंप पोस्ट लगाए गए हैं। धर्म पथ की दीवारों पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों को दर्शाते म्यूरल बनाए गए हैं। शहरभर में प्रभु राम की नगरी में आपका स्वागत है जैसे संदेशों वाले पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं। रोशनी से सजी मूर्तियां, एलईडी आर्च और लाइटिंग इंस्टॉलेशन शहर को दिव्य आभा दे रहे हैं। साथ ही भजन-कीर्तन के मंच, स्वच्छता अभियान और यातायात सुधार से अयोध्या को सांस्कृतिक और सौंदर्यात्मक रूप से संवारा जा रहा है। ड्रोन कैमरों से भी लगातार मॉनिटरिंग
राम जन्मभूमि चौक और हनुमानगढ़ी मार्ग पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। ड्रोन कैमरों से भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सुबह से लेकर रात तक सुरक्षा बलों की मल्टी-लेयर चेकिंग चल रही है। बैरिकेडिंग के सभी पॉइंट दोबारा जांचे गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में भीड़ का दबाव नियंत्रित रखा जा सके। वीआईपी मूवमेंट के लिए स्पेशल रूट तैयार
मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए स्पेशल रूट तैयार किए गए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें रणनीतिक स्थानों पर अलर्ट मोड में तैनात हैं। इसके अलावा, साइबर टीम सोशल मीडिया पर गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर नजर रखे हुए है। अधिकारी के अनुसार, 25 नवंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम के मद्देनज़र सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई नहीं दी जा सकती। विवाह पंचमी के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद है, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर में हर तरफ सुरक्षा बलों की मौजूदगी साफ तौर पर महसूस की जा सकती है और पूरे क्षेत्र में भारी सुरक्षा के बीच धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियाँ लगातार जारी हैं। पांच-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया
समारोह के लिए पांच स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें SPG (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप), NSG कमांडो और ATS (एंटी-टेरर स्क्वॉड) कमांडो तैनात रहेंगे। इसके अलावा केंद्रीय पुलिस बल CRPF और PAC भी सुरक्षा में शामिल हैं। साथ ही यूपी पुलिस के साथ स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) की पूरी टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में लगी है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में CISF की तैनाती की गई है। सुरक्षा-तंत्र में इंटेलिजेंस एजेंसियों को भी सक्रिय किया गया है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड पूरे परिसर में गश्त करेंगे। इसके लिए 14 SP, 30 ASP, 90 DSP, 15 कंपनी पीएसी और 5 कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स लगाई गई हैं। फिलहाल पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों के 10,000 से ज्यादा अधिकारी व कर्मचारी अयोध्या की सुरक्षा में तैनात हैं। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने लिया तैयारियों का जायजा डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर में राम लला का दर्शन-पूजन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के उपरांत 25 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे। बृजेश पाठक ने कहा कि भव्य राम मंदिर न केवल सनातन धर्म को नई शक्ति देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए ऊर्जा का केंद्र भी बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर तैयार हो चुका है और अब प्रधानमंत्री देश-दुनिया को यह मंदिर समर्पित करने जा रहे हैं। ————— ये खबर भी पढ़िए धर्म ध्वजारोहण से पहले सज रही रामनगरी, VIDEO:अयोध्या फिर बनेगी स्वर्णिम अध्याय की साक्षी, 25 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे ध्वजारोहण अयोध्या एक बार फिर इतिहास के स्वर्णिम अध्याय की साक्षी बनने जा रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भव्य निर्माण के बाद अब 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के मुख्य शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे। ध्वजारोहण समारोह और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रामपथ, भक्तिपथ और धर्मपथ को खास तौर पर सजाया जा रहा है। मार्गों पर रंग-रोगन का कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को ताजे और सुगंधित फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण उत्सव के रंगों में रंगा नजर आता है। पूरा वीडियो देखिए