RO/ARO की मुख्य परीक्षा की तारीख बदली:UPPSC की ओर से 2-3 फरवरी के लिए घोषित की गई तारीख, प्रारंभिक परीक्षा के लिए हुए थे 10.76 लाख आवेदन

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने समीक्षा अधिकारी (RO) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) 2023 की मुख्य परीक्षा की तिथि में संशोधन कर दिया है। आयोग की ओर से पहले 31 जनवरी और 1 फरवरी को परीक्षा आयोजित करने का कार्यक्रम जारी किया गया था, लेकिन एक फरवरी को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक 2024 परीक्षा पड़ने के कारण अभ्यर्थियों ने तारीख बदलने की मांग की थी। अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए आयोग ने मुख्य परीक्षा अब 2 और 3 फरवरी को कराने का निर्णय लिया है। बता दें कि 16 सितंबर 2025 को ही प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए थे। 419 पदों क लिए 7509 अभ्यर्थी सफल हुए थे जो अब मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, प्रारंभिक परीक्षा 27 जुलाई 2025 को हुई थी। इस परीक्षा में कुल 10,76,004 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें से कुल 4,54,589 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। जानिए, क्या है परीक्षा का पूरा शिड्यूल आयोग के उप सचिव वीरेंद्र मणि त्रिपाठी के अनुसार, संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 2 फरवरी को दो पालियों में यह परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन की होगी। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक हिंदी एवं आलेखन की सब्जेक्टिव परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 4:30 बजे से 5 बजे तक सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण की वस्तुनिष्ठ परीक्षा कराई जाएगी। इसी तरह तीन फरवरी को 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हिंदी निबंध का पेपर होगा। 30 जुलाई को जारी हुई थी प्रोविजनल आंसर की
प्रोविजनल आंसर की जारी करने के बाद आयोग ने अभ्यर्थियों से 5 अगस्त तक आपत्ति दर्ज करने का मौका दिया गया था। दर्ज आपत्तियों के निराकरण के बाद अब अभ्यर्थियों का रिजल्ट फाइनल आंसर की को ध्यान में रखकर जारी किया गया था। नतीजे जारी होने से पहले या साथ में अंतिम उत्तर कुंजी को जारी नहीं किया गया था। अभ्यर्थियों ने आयोग से की थी यह मांग अभ्यर्थियों की इस जायज परेशानी को लेकर संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने आवाज उठाई थी। मंच की ओर से पंकज पांडेय के नेतृत्व में आयोग को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा तिथि बदलने की मांग की गई थी। लगातार दबाव और मांग के बाद आयोग ने इस पर संज्ञान लिया और तिथि परिवर्तन का नोटिस जारी कर दिया। पंकज पांडेय ने कहा, यह फैसला उन अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत है, जो एक ही दिन दो परीक्षाओं के टकराव से परेशान थे। अब उम्मीदवार बिना किसी दबाव के RO/ARO मुख्य परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। खबर अपडेट की जा रही है