जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रविवार को संगम सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 56% मतदाताओं के गणना प्रपत्र (SIR फॉर्म) बीएलओ द्वारा एकत्र कर डिजिटाइज किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय करें, ताकि शेष मतदाताओं से फॉर्म शीघ्र जमा कराए जा सकें। बैठक के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने महबूब अली इंटर कॉलेज, द्वारिका प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे एसआईआर फॉर्म के वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन की स्थिति देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपने फॉर्म बीएलओ को उपलब्ध करा दें। जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर अभियान के लिए अब केवल पाँच दिन शेष हैं। सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे फॉर्म तुरंत जमा करें, ताकि समय से डिजिटाइजेशन हो सके। उन्होंने कहा कि चुनाव सूची को सही और सटीक बनाने में सभी नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। जिलाधिकारी ने जनता से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपनी जिम्मेदारी समझें और एसआईआर फॉर्म शीघ्र जमा करें।