जिलाधिकारी-जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने शास्त्रीनगर सेक्टर-4 स्थित एलेक्सेंडर पब्लिक स्कूल में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से वार्ता की। यह बैठक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण के दृष्टिगत आयोजित की गई थी। वार्ता के दौरान, जिलाधिकारी ने बीएलओ से गणना प्रपत्र फार्म के वितरण और उन्हें वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के आदेश पर बीएलओ द्वारा सर्वे किया जा रहा है। इसी वजह से समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाता है। उन्होंने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र फार्म वितरित किए जाएं और भरे हुए फार्म उनसे वापस प्राप्त किए जाएं। यदि निरीक्षण के दौरान लापरवाही या कोई बीएल ओ अनुपस्थित मिला तो उसे पर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. वीके सिंह ने व्यक्तिगत रूप से घर-घर जाकर आमजन से भी गणना प्रपत्र फार्म प्राप्त होने के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने शास्त्री नगर स्थित लोगों से बातचीत की, और एसआईआर सर्वे के बारे में बताया, कहा कि पारदर्शिता के साथ काम किया जाए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीक्षा जोशी, बीएलओ और अन्य संबंधित अधिकारी के साथ मौजूद रहे।