SIR से तंग BLO सुसाइड से पहले फूट-फूटकर रोया:मुरादाबाद में फंदे से लटका, लिखा- 4 बेटियां हैं…जीना चाहता हूं, काम नहीं कर पा रहा

यूपी के मुरादाबाद में टीचर BLO ने सुसाइड कर लिया। रविवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। टीचर सर्वेश सिंह (46) ने जान देने से पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम 3 पेज का सुसाइड नोट लिखा। इसमें SIR से परेशान होने की बात लिखी। नोट में उन्होंने लिखा- रात-दिन काम करता रहा। फिर भी SIR का टारगेट हासिल नहीं कर पा रहा हूं। रात बहुत मुश्किल और चिंता में कटती है। सिर्फ 2 से 3 घंटे सो पा रहा हूं। 4 बेटियां हैं, 2 की तबीयत कई दिनों से खराब है। मैं जीना तो चाहता हूं पर क्या करता, मुझे बहुत बेचैनी है। घुटन और अपने आपको डरा महसूस कर रहा हूं। मेरी 4 छोटी बेटियों का ख्याल रखना बहुत मासूम हैं। अगर समय ज्यादा होता तो शायद मैं इस काम को पूरा कर देता। जो वक्त था वह मेरे लिए पर्याप्त नहीं था। क्योंकि, मैं अपने जीवन में पहली बार BLO बना था। सर्वेश का सुसाइड से पहले का वीडियो सामने आया है। यह शनिवार का बताया जा रहा है। इसमें सर्वेश फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे। वह कह रहे कि मैं 20 दिन से सोया नहीं हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं। मैं SIR काम में निपुण नहीं हूं। मामला भोजपुर के बहेड़ी गांव का है। सर्वेश सिंह भगतपुर टांडा थाना क्षेत्र के गांव जाहिदपुर सिकंदरपुर कंपोजिट स्कूल में सहायक अध्यापक थे। 7 अक्टूबर को उन्हें BLO बनाया गया था। यूपी में SIR शुरू होने के बाद से 7 BLO की जान जा चुकी है। इसमें 3 ने सुसाइड किया। जबकि 3 की मौत हार्ट अटैक और एक की जान ब्रेन हेमरेज से गई। खबर में आगे बढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दीजिए… पहले कुछ तस्वीरें देख लीजिए… BLO सर्वेश ने सुसाइड से एक दिन पर बनाया था वीडियो… BLO ने आखिरी बार रोते हुए वीडियो बनाया- ”मम्मी मेरे बाद मेरे बच्चों का ख्याल रखना। मुझसे नहीं हो पा रहा है। मैं नहीं कर पा रहा है। मैं निपुण नहीं हूं। मेरी पत्नी बबली मुझे माफ करना। मैं तुम्हारी दुनिया से दूर जा रहा हूं। दीदी मुझे माफ करना। मेरे बच्चों का ध्यान रखना। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। मैं स्वंय इसका जिम्मेदार हूं। मेरे अधिकारियों को कुछ नहीं कहना। मैं 20 दिन से चैन से सो नहीं पाया हूं। मेरी छोटी-छोटी चार लड़कियां है। कहां से काम समझा दे रहे हो? होता तो ये पूर्ण हो जाता। क्योंकि जितने व्यक्ति हैं, वो सब इसमें सक्षम हैं। मैं इस कार्य को सही तरह से समझ नहीं पाया। ” अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… अब टीचर का सुसाइड नोट हूबहू पढ़िए- सेवा में,
श्रीमान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय
विषय- SIR गणना पत्रक का टारगेट पूर्ण न होने के संबंध में। महोदय,
प्रार्थी सर्वेश सिंह सहायक अध्यापक कंपोजिट विद्यालय जाहिदपुर, भगतपुर टांडा में कार्यरत है। प्रार्थी पहली बार 7 अक्टूबर बूथ नंबर- 406 पर BLO नियुक्त किया गया। इसके बारे में मुझे पूर्ण ज्ञान न होने की वजह से समय रहते अपना टारगेट नहीं कर पा रहा हूं। दिनभर कड़ी मेहनत करने के बाद भी रात को में 2 या 3 घंटे भी नहीं सो पा रहा हूं। 4 छोटी बेटियां हैं। इनमें 2 की कई दिनों से तबीयत खराब है। बहुत परेशान हूं। मानसिक संतुलन खराब हो गया। आत्मघाती कदम उठाना पड़ रहा है। इसकी पूर्ण जिम्मेदारी मेरी है। परिवार का कोई दोष नहीं। परिवार ने तो हौसला बढ़ाया। लेकिन, मैं हार गया हूं। मेरी 4 छोटी बेटियां का ख्याल रखना, बहुत मासूम हैं। ये लिखते समय बहुत पीड़ा महसूस कर रहा हूं। मेरी बेटियों व परिवार वालों को मेरी सेवा में जो राशि बनती है। मेरी पत्नी को मिलनी चाहिए, ताकि बेटियों का जीवन में सहारा बन सके। अधिकारी परिवार को ज्यादा परेशान न करें। मेरी तरफ से गुजारिश है। मेरे न होने के बाद उनका बहुत जीवन खराब हो सकता है। मुझे माफ कर देना। मेरे पति हेड मास्टर थे, BLO बना दिया सर्वेश सिंह की पत्नी बबली ने कहा- मेरे पति पर SIR को लेकर मानसिक दबाव था। रात को देर तक काम करने के बाद भी वो अपना काम खत्म नहीं कर पा रहे थे। वो स्कूल के हेड मास्टर थे। लेकिन उन्हें BLO बना दिया गया। सरकार को पहले SIR के काम की ट्रेनिंग तो देनी चाहिए थी। लेकिन नहीं, उन्होंने सब पर प्रेशर देना शुरू कर दिया। प्राथमिक शिक्षक संघ की मांग- नौकरी दी जाए साथी कुलदीप ने बताया- हमें सुबह सूचना मिली कि हमारे शिक्षक साथी ने सुसाइड कर लिया है। वो SIR के काम के चलते काफी दबाव में थे। उनके ऊपर काम का बहुत प्रेशर था। जिसे वो सहन नहीं कर पाए और उन्होंने सुसाइड कर लिया। हम प्राथमिक शिक्षक संघ की तरफ से आए हैं। हमारी मांग है कि उनके परिवार को नौकरी दी जाए, उचित मुआवजा दिया जाए। जिससे उनके छोटे-छोटे बच्चों का भरण-पोषण किया जा सके। वो डिप्रेशन में नहीं थे। हम रात में भी उन्हें फोन करते थे, तो तब भी वो काम ही करते रहते थे। हर व्यक्ति का अलग-अलग दबाव सहने की क्षमता होती है। बाकी दबाव हर BLO पर है। CO ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने कहा- टीचर सर्वेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। मामले की जांच की जा रही है। DM बोले- BLO के रूप में अच्छा काम कर रहे थे सर्वेश
मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुज सिंह का कहना है कि BLO के रूप में ऑलरेडी सर्वेश सिंह अच्छा कार्य कर रहे थे। इसलिए उनके ऊपर कोई प्रेशर भी नहीं था। वो अपने टास्क का करीब 67% फॉर्मों का डिजिटलाइजेशन कर चुके थे। जो औसत से काफी बेहतर है। सर्वेश के सुपरवाइजर उनके रिलेटिव भी लगते हैं, लिहाजा वो भी उनकी हेल्प कर रहे थे। सर्वेश ने खुद उनसे पहल करके BLO की ड्यूटी ली थी। इसके अलावा उनकी मदद के लिए आंगनबाड़ी से भी एक स्टाफ को लगाया था। ऐसे में सीधे तौर पर ये बात समझ से परे है कि उनके ऊपर SIR काम का कोई प्रेशर था। लेकिन, मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे ये बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पहले 4 दिसंबर फॉर्म जमा करने की आखिरी डेट थी
SIR यानी वोटर लिस्ट के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में फॉर्म जमा करने की आखिरी डेट 11 दिसंबर है। पहले यह तारीख 4 दिसंबर थी, जिसे चुनाव आयोग ने आज दोपहर ही बढ़ाया है। बीएलओ ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का कहना है कि अभी बहुत सारे लोगों के फॉर्म जमा नहीं हो पाए हैं। जबकि अफसरों का दबाव बढ़ता जा रहा है। यही वजह है कि बीएलओ परेशान हो गए हैं। ———————– ये भी पढ़ें बिजनौर में महिला BLO की हार्ट अटैक से मौत:स्वतंत्र देव बोले- SIR से अखिलेश की दुकान बंद हो जाएगी; श्रावस्ती में शिक्षकों की छुट्टी रद्द यूपी में SIR को लेकर हलचल तेज हो गई है। सियासी घमासान भी जारी है। स्पेशल इंटेसिव रिविजन को अखिलेश यादव ने भाजपा की साजिश और लोकतंत्र पर हमला बताया। इस पर योगी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पलटवार किया। कहा- बेतुकी बातों के लिए सपा मुखिया को शर्म आनी चाहिए। फर्जी वोट कटेंगे तो उनकी दुकान बंद हो जाएगी। पूरी खबर पढ़िए