SRN अस्पताल में आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का हंगामा:3 महीने से नहीं मिला वेतन, एक घंटे की हड़ताल के बाद काम पर लौटे

स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय में तीन माह से वेतन न मिलने पर के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। चतुर्थ श्रेणी के 50 से अधिक कर्मियों ने काम ठप कर हड़ताल घोषित कर दी। करीब एक घंटे तक वार्डों से बाहर निकलकर एकत्रित हो नारेबाजी की। जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। सफाई व्यवस्था चरमरा गई और मरीजों-तीमारदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। आउटसोर्स कंपनी का करार खत्म, प्रशासन उदासीन एसआरएन चिकित्सालय में ज्यादातर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ए-वन कंपनी के माध्यम से तैनात हैं। कंपनी का मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के साथ करार समाप्त हो चुका है और जिम्मेदारी नई कंपनी को सौंपी गई है। लेकिन पुराने कर्मचारियों का वेतन कौन देगा, इस पर मेडिकल कालेज प्रशासन ने उदासीनता बरती। कर्मचारियों ने चिल्लाते हुए कहा कि त्योहार सिर पर है, पैसे नहीं तो काम कैसे करें? सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों ने सफाई का काम बंद कर हो-हल्ला मचाया। वार्डों में कचरा-गंदगी बिखरी रही। लगभग डेढ़ घंटे तक सफाई ठप रही। एक घंटे बाद प्रमुख चिकित्साधीक्षक डॉ. नीलम सिंह ने कर्मचारी प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने होली से पहले वेतन भुगतान का आश्वासन दिया और कंपनी-शासन को पत्र भेजने की जानकारी दी। भरोसे पर कर्मचारी काम पर लौट आए।