पीलीभीत के बिलसंडा थाने में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों के लिए एक आधुनिक मेस का उद्घाटन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. विक्रम दहिया ने फीता काटकर इस नवनिर्मित मैस का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं और कायाकल्प की सराहना की। उद्घाटन के बाद एएसपी डॉ. विक्रम दहिया ने थाने के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और सीसी-टीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) कक्ष का विशेष रूप से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें थाना परिसर का रखरखाव और स्वच्छता मानक के अनुरूप मिली। एएसपी ने थानाध्यक्ष सिद्धांत शर्मा द्वारा कराए गए कार्यों और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने थानाध्यक्ष को इसी तरह की कर्मठता बनाए रखने के निर्देश दिए। एएसपी डॉ. विक्रम दहिया ने बताया कि शासन की पहली प्राथमिकता है कि थानों पर तैनात कर्मचारियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि बिलसंडा में बनाई गई यह नई मैस पुलिसकर्मियों के खान-पान और स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस अवसर पर महिला कॉन्स्टेबल सुंदरी ने भी नई मैस की सुविधा पर खुशी जाहिर करते हुए इसे पुलिस कर्मियों के लिए सराहनीय बताया। इस गरिमामय कार्यक्रम में सीओ बीसलपुर, बिलसंडा नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता उर्फ डीके, क्षेत्र के विभिन्न ग्राम प्रधान और पुलिस विभाग के अधिकारी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने थाने में हुए इस सकारात्मक बदलाव का स्वागत किया।