यूपी एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में केंद्रीय जेल रायपुर से फरार एक आरोपी को आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रवीर उर्फ पिंटू पुत्र दीवान सिंह मथुरा के रूप में हुई है। वो पिछले साल अगस्त में रायपुर से फरार हुआ था। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ के अनुसार, 16 मार्च 2026 को संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को दोपहर करीब 12:40 बजे आगरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित पीपल गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी वर्ष 2025 में केंद्रीय जेल रायपुर से फरार हो गया था और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया था। आगरा में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
एसटीएफ को रायपुर पुलिस की ओर से सूचना मिली थी कि 21 अगस्त 2025 को केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा बंदी चंद्रवीर उर्फ पिंटू काम के दौरान फरार हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूचना मिलने पर एसटीएफ की टीम ने निगरानी बढ़ाई और आगरा में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। अदालत ने उसे 15 साल की सजा सुनाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने उसे गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 15 वर्ष की सजा सुनाई थी। 21 अगस्त 2025 को जेल परिसर में काम के दौरान वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। फरारी के दौरान वह मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में एक दोस्त के साथ रहकर आरओ का काम कर रहा था और पहचान छिपाने के लिए दोस्त का आधार कार्ड इस्तेमाल करता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना कोतवाली आगरा में दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई और उसे ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंप दिया गया।