मेरठ में यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक (डी.आई.ओ.) राजेश कुमार ने केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती, स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी निगरानी और 30 दिन की डीवीआर रिकॉर्डिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए। बैठक से अनुपस्थित व्यवस्थापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। डी.आई.ओ. राजेश कुमार ने मंगलवार को जिले के 98 केंद्र व्यवस्थापकों के साथ यह बैठक की। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। बैठक में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
डी.आई.ओ. ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल की व्यवस्था अनिवार्य है। प्रश्न पत्र पहुंचने से तीन दिन पहले स्ट्रांग रूम स्थापित कर लिया जाएगा। यह स्ट्रांग रूम प्रधानाचार्य के कक्ष से अलग होगा और इसमें 24 घंटे सीसीटीवी कैमरा चालू रहेगा। डीवीआर की रिकॉर्डिंग क्षमता कम से कम 30 दिनों की होनी चाहिए। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के स्ट्रांग रूम में पहुंचने की रिकॉर्डिंग तथा पूरी परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 6 माह तक सुरक्षित रखनी होगी। आवश्यकता पड़ने पर इसे परिषद को उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर कम से कम 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक और स्टाफ बाहरी विद्यालयों से नियुक्त किए जाएंगे। संबंधित विषय की परीक्षा में उस विषय के अध्यापक की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक या अवमोचक के रूप में नहीं लगाई जाएगी। जिन परीक्षा केंद्रों पर स्वयं के विद्यालय की छात्राएं परीक्षा दे रही हैं, उनके कक्ष में उसी विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में नहीं लगेगी। यह व्यवस्था उन कक्षों में भी लागू होगी जहां स्वयं केंद्र प्राप्त छात्राओं को मिश्रित रूप से बैठाया गया है।