UPSC रिजल्ट्स में लखनऊ के कई अभ्यर्थियों ने अपना परचम लहराया है। लखनऊ में पढ़ाई करने वाले विमल कुमार ने 107वीं रैंक हासिल की है तो गूगल में अमेरिका में 10 साल से नौकरी कर रहे पीयूष कपूर ने 402वीं रैंक पाई है। UPSC से ही 2024 में डाक विभाग में चयनित हुए अलीगंज के आदर्श पांडेय ने 347वीं रैंक हासिल की है। पिछले साल विकसित भारत यंग लीडर कॉन्क्लेव में पीएम मोदी को अपने विजन का प्रजेंटेशन देने वाले वनज विद्यान को 278वीं रैंक मिली है। शहर के ही विपिन देव को 316वीं रैंक मिली है। किसान के बेटे विनय ने हासिल की 107वीं रैंक मूलरूप से रायबरेली के चांदेमऊ गांव के किसान रामदेव के बेटे विमल कुमार को 107वीं रैंक मिली है। इससे पहले 2024 में इंटरव्यू तक पहुंचे थे। विनय की मां सियावती देवी गृहणी हैं। विनय की स्कूलिंग जवाहर नवोदय विद्यालय से हुई। उसके बाद IIT दिल्ली से UG किया। विनय कहते हैं कि गांव की पृष्ठभूमि से आने के कारण कई चुनौतियां सामने आईं लेकिन धैर्य से अपने काम पर लगा रहा।उन्होंने UPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से कहा है कि हार न मानें और खुद पर भरोसा बनाए रखें। गूगल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर को 402वीं रैंक लखनऊ के पीयूष कपूर ने 402वीं रैंक हासिल की है। पीयूष 10 साल से अमेरिका (USA) में गूगल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। पीयूष ने बताया- गूगल में सीनियर लीडरशिप रोल निभाते हुए तैयारी के लिए समय निकालना बड़ी चुनौती थी। मैंने टाइम जोन के अंतर को अपनी ताकत बनाया। मैंने अपनी पूरी तैयारी को एक ‘डेटा-ड्रिवन’ प्रोजेक्ट की तरह मैनेज किया। सिलिकॉन वैली से प्रशासन की ओर एक सफल ग्लोबल करियर के बाद भी मेरे मन में हमेशा देश के लिए कुछ करने की इच्छा थी। इस सफर में मेरे पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी (से.नि.) अरुण कपूर और मां रुचि कपूर के साथ बड़े भाई आयुष कपूर मेरी ताकत और प्रेरणास्रोत रहे हैं। उन्हीं के प्रोत्साहन की वजह से मैं आज इस मुकाम पर पहुंच पाया हूं। वनज की मां जापानी लैंग्वेज एक्सपर्ट, पिता अधिकारी रहे लखनऊ के वनज विद्यान को 278वीं रैंक मिली है। वनज मूलरूप से बरेली के रहने वाले हैं। राजधानी में उन्होंने राम मनोहर लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी के 2023 बैच से पासआउट हैं। उनके पिता डॉ. पंकज कुमार कृषि मंत्रालय में हैं। वहीं, मां वंदना रानी जापानी लैंग्वेज एक्सपर्ट हैं। इस साल 26 जनवरी को नेशनल यूथ आइकॉन के तौर पर राष्ट्रपति ने वनज को राष्ट्रपति भवन में बुलाया था। वनज इससे पहले पिछले साल विकसित भारत यंग लीडर कॉन्क्लेव के विनर रहे। पिछले साल जनवरी में भारत मंडपम में पीएम से उनकी मुलाकात हुई। उसी दौरान उन्होंने 10 मिनट तक पीएम मोदी को यंग लीडिंग का प्रेजेंटेशन दिया था। LLB करने के बाद इस समय सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे हैं। डाक विभाग में ट्रेनिंग के दौरान भी करते रहे तैयारी लखनऊ के अलीगंज निवासी आदर्श पांडेय को 347वीं रैंक हासिल हुई है। आदर्श ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ पब्लिक स्कूल की जानकीपुरम ब्रांच से की। उसके बाद सिटी लॉ कॉलेज चिनहट से एलएलबी ऑनर्स किया है। वह इससे पहले UPSC CSE-2024 भी पास कर चुके हैं। उसके बाद से भारतीय डाक सेवा में ट्रेनिंग ले रहे हैं। आदर्श का कहना है कि सेल्फ स्टडी और मजबूत योजना बनाकर कामयाबी हासिल की है। वह मूलरूप से अमेठी जिले के संग्रामपुर के रहने वाले हैं। अभ्युदय कोचिंग से तैयारी करके पूरा किया सपना गाजियाबाद के प्रताप विहार सेक्टर-12 की मानसी का सपना पांचवें प्रयास में पूरा हुआ। तीसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंची थीं। इस बार उनको ऑल इंडिया 444वीं रैंक मिली है। वह लखनऊ में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित अभ्युदय कोचिंग जॉइन कर तैयारी कर रही थीं। पिता अशोक कुमार प्राइवेट कंपनी में जॉब कर रहे हैं। मां शिवानी देवी गृहणी हैं। मानसी ने गाजियाबाद के ब्लूम पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट किया। दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिंदी कॉलेज से 2020 में कंप्यूटर साइंस में बीएससी ऑनर्स पास किया। उसके बाद से ही UPSC की तैयारी करनी शुरू की।